Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान वायुसेना का नूर खान बेस नष्ट ! – पाकिस्तान विदेश मंत्री की स्वीकारोक्ति

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और क्षति पहुंचा  ‘नूर खान’ वायुसेना बेस

इस्लामाबाद (पाकिस्तान) – भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में ‘नूर खान’ वायुसेना बेस को भारी क्षति पहुंची है, इसे अब पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया है । यह स्वीकारोक्ति स्वयं पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी । इससे पहले पाकिस्तान का दावा था कि ऑपरेशन सिंदूर में उन्हें कोई बडी हानि नहीं हुई है । इशाक डार ने कहा कि भारत ने ३६ घंटों के भीतर पाकिस्तान में १२ से अधिक ड्रोन भेजे एवं उनमें से एक ड्रोन ने सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया । इसमें सैनिक घायल हुए ।

१ नहीं, अपितु ११ बेसों पर भारत ने किए आक्रमण ! – लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने डार को फटकारा !

लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों

इशाक डार की इस स्वीकारोक्ति पर भारत के लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने उनके दावों का स्पष्ट विरोध किया है । उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बार-बार झूठे दावे करता है तथा कभी-कभी अनजाने में सच बाहर आ जाता है । पाकिस्तान का दावा है कि भारत ने ८० ड्रोन भेजे एवं उनमें से केवल एक ही ड्रोन नूर खान बेस से टकराया; परंतु वास्तविक स्थिति अलग थी । पाकिस्तान की ही एक समाचार एजेंसी ने १४ अगस्त २०२५ को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए १३८ सैनिकों की सूची प्रकाशित की थी । जनरल ढिल्लों ने कहा कि यदि १३८ लोगों को मरणोपरांत सम्मान दिया गया है, तो वास्तविक मृतकों की संख्या ४०० से ५०० होने की संभावना है । इसलिए मामूली क्षति का दावा बिल्कुल भी विश्वसनीय नहीं है । नूर खान बेस पर आग लगने के दृश्य पाकिस्तान के नागरिकों ने स्वयं सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे । साथ ही, पाकिस्तान वायुसेना के कुल ११ बेसों को भारी क्षति पहुंची है । भारतीय पक्ष की ओर से उपग्रह चित्र (सैटेलाइट इमेजरी) एवं अन्य पुख्ता प्रमाण प्रस्तुत किए गए हैं ।