US Airstrikes Syria : अमेरिका का सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ७० से अधिक ठिकानों पर हवाई आक्रमण

अमेरिकी सैनिकों एवं नागरिक की हत्या का प्रतिशोध

दमिश्क (सीरिया) – अमेरिका ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ७० से अधिक आतंकवादी ठिकानों पर १९ दिसंबर की रात्रि हवाई आक्रमण कर उन्हें नष्ट कर दिया। सीरिया में १३ दिसंबर को अमेरिका के २ सैनिकों एवं १ नागरिक की हत्या कर दी गई थी । इसके पीछे इस्लामिक स्टेट का हाथ होने के कारण अमेरिका ने यह आक्रमण किया । हत्या की घटना के उपरांत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने “इसका कडा प्रत्युत्तर दिया जाएगा एवं प्रतिशोध लिया जाएगा” ऐसी चेतावनी दी थी ।

अमेरिकी सेना ने ‘ऑपरेशन हॉकआय’ प्रारंभ किया है । इस अभियान का उद्देश्य इस्लामिक स्टेट की पूरी संरचना को पूरी तरह नष्ट करना है, ऐसी जानकारी अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सामाजिक माध्यम मंच ‘एक्स’ पर दी ।

संपादकीय भूमिका 

अमेरिका, रूस जैसे देश, यदि उनके सैनिकों या नागरिकों को आतंकवादियों द्वारा मारा जाता है, तो तुरंत कार्रवाई कर आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर देते हैं । भारत ऐसी प्रभावी एवं निर्णायक कार्रवाई कब करेगा ?