Talha Anjum : यदि भारतीय ध्वज लहराने से कोई विवाद होता है, तो मैं इसे पुन: लहराऊंगा ! – तल्हा अंजुम का स्पष्टीकरण

नेपाल में भारतीय राष्ट्रध्वज लहराने पर पाकिस्तानी ‘रैपर’ तल्हा अंजुम की पाकिस्तान में आलोचना

(रैप एक प्रकार का संगीत है । ऐसा संगीत प्रस्तुत करने वाला व्यक्ति रैपर होता है।)

पाकिस्तानी रैपर तल्हा अंजुम

नई दिल्ली – पाकिस्तानी रैपर तल्हा अंजुम ने नेपाल में अपने कार्यक्रम में भारतीय ध्वज को फहराया। इस संबंध में एक लघु चलचित्र तीव्रगति से प्रसारित हुआ है । जिसमें तल्हा अंजुम एक प्रशंसक से भारतीय राष्ट्रीय ध्वज लेकर उसे लहराते हैं एवं अपने कंधे पर रख लेते हैं । इस घटना की पाकिस्तान में कुछ लोगों ने आलोचना की है । इसके उपरांत तल्हा अंजुम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेरे हृदय में घृणाके लिए कोई स्थान नहीं है । मेरी कला की कोई सीमा नहीं है । यदि भारतीय ध्वजारोहण से विवाद होता है, तो होने दो । मैं इसे पुन: करूंगा । मुझे सामाजिक माध्यम, युद्धप्रिय सरकारों एवं उनके दुष्प्रचार की चिंता नहीं है । उर्दू रैप सदैव सीमाओं का उल्लंघन करेगा ।

तल्हा अंजुम की प्रतिक्रिया के उपरांत विवाद और बढ गया है । सामाजिक माध्यमपर दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं ।

तल्हा अंजुम का परिचय

कराची में जन्मे एवं पले-बढे तल्हा अंजुम पाकिस्तान के एक महत्वपूर्ण गायक हैं । वर्ष २०१२ में, उन्होंने तल्हा यूनुस के साथ उर्दू रैप जोडी ‘यंग स्टनर्स’ का प्रारंभ किया । इस जोडी को ‘बर्गर-ए-कराची’ कार्यक्रम से लोकप्रियता मिली । इसके उपरांत वे दक्षिण एशियाई रैप सर्कल में प्रसिद्ध हो गए । तल्हा अंजुम ने अभिनय भी किया है । वर्ष २०२४ में उन्होंने चलचित्र ‘कटार कराची’ में अभिनय किया । इंस्टाग्राम पर उनके ३० लाख से अधिक प्रशंसक हैं । यद्यपि, कई पाकिस्तानी कलाकारों जैसा उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है ।