Arunachal Rapist Lynching : अरुणाचल प्रदेश एवं ओडिशा में भिन्न-भिन्न घटनाओं में भीड ने की बलात्कारियों की हत्या !

अरुणाचल प्रदेश में भीड़ द्वारा बलात्कारियों की हत्या।

ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश)/भुवनेश्वर (ओडिशा) – अरुणाचल प्रदेश एवं ओडिशा में २ भिन्न-भिन्न घटनाओं में लडकी तथा महिला के साथ बलात्कार कर उनका यौन उत्पीडन करनेवाले वासनांधों की भीड ने हत्या की ।

अरुणाचल प्रदेश में पुलिस थाने में घुसकर बलात्कारी की हत्या !

१. अरुणाचल प्रदेश की लोअर दिबांग घाटी में एक बलात्कारी युवक के साथ मारपीट की गई । यह घटना रोइंग शहर के पुलिस थाने में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में हुई ।

२. इस युवक पर २० से अधिक लडकियों के साथ यौन शोषण करने तथा बलात्कार का आरोप था । वह लडकियों के छात्रावास में जाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार करता था । कुछ पीडित लडकियों ने जब उदरशूल (पेटदर्द) की शिकायत की, तब यह प्रकरण उजागर हुआ ।

३. पुलिस ने बताया कि आरोपी को पुलिस थाने लाया गया । उसके उपरांत सैकडों लोगों की भीड ने पुलिस थाने में घुसकर उस युवक को बाहर खींचकर उसे पीटा । पुलिस ने बताया कि इस युवक को गंभीर स्थिति में चिकित्सालय ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया ।

 

ओडिशा में पीडित महिलाओं ने बलात्कारी की हत्या कर उसका शव जंगल ले जाकर जलाया !

ओडिशा राज्य के गजपति जिले में ६० वर्षीय बलात्कारी की हत्या कर, उसका शव जला दिया गया । इस प्रकरण में पुलिस ने ८ महिलाएं तथा २ पुरुष, इसप्रकार कुल १० लोगों को बंदी बनाया । गांव से लगभग २ कि.मी. दूर एक टीले से पुलिस ने मृतक की हड्डियां तथा राख जब्त की । पुलिस का कहना है कि पकडी गई सभी महिलाएं मृतक बलात्कारी के यौन शोषण की शिकार थीं ।

विधवा महिला के साथ बलात्कार करने के उपरांत वासनांध व्यक्ति को मार डालने का महिलाओं ने लिया निर्णय

पुलिस ने बताया कि जिस पुरुष की हत्या की गई, वह लंबे समय से महिलाओं का यौन उत्पीडन कर रहा था । ३ जून को उसने ५२ वर्षीय विधवा महिला के साथ बलात्कार किया । यह घटना उजागर होने के उपरांत पीडित महिलाओं ने बैठक कर आरोपी को मार डालने का निर्णय लिया । पुलिस ने बताया कि ये सभी महिलाएं आरोपी के घर गई, उस समय वह सोया हुआ था । तब महिलाओं ने कुल्हाडी से वार कर उसकी हत्या की तथा उसके शव को जंगल ले जाकर जला दिया ।

संपादकीय भूमिका

भारत में बलात्कालियों को तत्काल तथा कठोर दंड नहीं मिलता; इसीलिए अनेक घटनाओं में भीड के द्वारा कानून को हाथ में लेकर बलात्कारियों को मार डालने की घटनाएं बढ रही हैं ! इसे ध्यान में रखते हुए क्या सरकार बलात्कारियों के विरुद्ध शीघ्रगति से अभियोग चलाकर उन्हें कठोर दंड मिले; इसके लिए कदम उठाएगी ?