Sanctions On Afghanistan : अफगानिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र के वर्तमान प्रतिबंध तंत्र पर पुनर्विचार आवश्यक !

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत का अनुरोध

न्यूयॉर्क (अमेरिका) — अफगानिस्तान की राजनीतिक परिस्थितियों में व्यापक परिवर्तन हो चुका है । अतः संयुक्त राष्ट्र द्वारा लागू वर्तमान प्रतिबंध व्यवस्था की पुनर्समीक्षा की जानी चाहिए । भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यह अनुरोध किया । यह अनुरोध ऐसे समय किया गया है, जब पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान पर लगातार हवाई आक्रमण किए जा रहे हैं ।

१. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतानेनी हरीश ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अफगानिस्तान के साथ संवाद स्थापित करने हेतु नए मार्ग अपनाने का आग्रह किया । उन्होंने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए हवाई आक्रमणों की भी निंदा की । साथ ही पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के साथ व्यापार एवं परिवहन पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया तथा इन प्रतिबंधों को तत्काल हटाने की मांग की ।

२. अफगानिस्तान चारों ओर से स्थल-सीमाओं से घिरा हुआ (स्थलरुद्ध) देश है । अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए वह लंबे समय से पाकिस्तान पर निर्भर रहा है ; किंतु पाकिस्तान इसी स्थिति का लाभ उठाकर उस पर दबाव बना रहा है । पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के साथ अपनी सीमा पूर्णतः बंद कर दी है । इसके कारण माल-परिवहन के साथ-साथ सामान्य नागरिकों के आवागमन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडा है ।