India Condemns Fujairah Attack : संयुक्त अरब अमिरात के तेल परियोजना पर ईरान का तीव्र आक्रमण : ३ भारतीय घायल


तेहरान (ईरान) — युद्धविराम होने के उपरांत भी ईरान की ओर से बडी मात्रा में मिसाइलों से आक्रमण किए जाने के समाचार सामने आए है । एक मालवाहक जहाज पर मिसाइल दागी गई, जिसमें ३ भारतीय नागरिक घायल हो गए । यह जानकारी संयुक्त अरब अमिरात ने दी है । अमिरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने देश के विभिन्न भागों पर ४ क्रूज मिसाइलें दागीं । इनमें से ३ मिसाइलों को समुद्री सीमा में सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया, जबकि एक समुद्र में गिर गई ।

यह स्वीकार्य नहीं ! — प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आक्रमण की कडी निंदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा कि संयुक्त अरब अमिरात पर हुए आक्रमण , जिनमें ३ भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, की हम कडी निंदा करते हैं । नागरिकों एवं आधार ढांचे को लक्ष्य बनाना स्वीकार्य नहीं है । भारत संयुक्त अरब अमिरात के साथ पूरी तरह खडा है एवं संवाद तथा कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है । हॉर्मुज जलडमरूमध्य (दो बडे जलाशयों को जोडनेवाला संकरा मार्ग) से सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता एवं वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है । दूसरी ओर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि इस तरह के आक्रमण एवं नागरिकों को हानि पहुंचाना अस्वीकार्य है तथा इसे तुरंत रोका जाना चाहिए । भारत पश्चिम एशिया में शांति एवं स्थिरता चाहता है तथा इसके लिए संवाद व कूटनीति का समर्थन करता है ।

ईरान ने आक्रमण का दायित्व (जिम्मेदारी) नहीं लिया

ईरान ने इस आक्रमण की स्पष्ट रूप से दायित्व स्वीकार नहीं किया है । यद्यपि उसके विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका तथा संयुक्त अरब अमिरात को स्थिति को और बिगाडने से बचना चाहिए । ईरान के एक सैन्य अधिकारी ने भी कहा कि उनका अमिरात या किसी तेल प्रतिष्ठान पर आक्रमण करने का कोई उद्देश्य नहीं था । उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी सैन्य नीतियों के कारण ही तनाव बढ रहा है ।

अमेरिका ने ईरान की ७ छोटी युद्ध नौकाएं नष्ट कीं

अमेरिका ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की ७ छोटी तेज युद्ध नौकाओं को नष्ट कर दिया है । वहीं ईरान ने संयुक्त अरब अमिरात के एक तेल प्रोजेक्ट पर आक्रमण किया । हालांकि ईरान ने अपनी नौकाओं पर किसी भी आक्रमण को अस्वीकार किया है । संयुक्त अरब अमिरात के अनुसार, फुजैराह स्थित मुख्य तेल बंदरगाह को लक्ष्य बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई तथा ३ लोग घायल हो गए । ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि जलडमरूमध्य में हो रही घटनाओं से स्पष्ट है कि राजनीतिक संकट का कोई सैन्य समाधान नहीं है ।