हमारा संयम समाप्त होता जा रहा है ! – Saudi Arabia

रियाध (सऊदी अरब) – अमेरिका-इजरायल एवं ईरान के मध्य के युद्ध के २० दिन उपरांत भी युद्ध रुकने का कोई चिन्ह दिखाई नहीं दे रहा है । सऊदी अरब की राजधानी रियाध में एक आपातकालीन बैठक किए जाने के उपरांत सऊदी के विदेशमंत्री ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारा संयम समाप्त होता जा रहा है; इसलिए आपको हमारी बात सुन लेनी चाहिए । हम इस समस्या को पहले बातचीत से सुलझाने का प्रयास करेंगे; परंतु आवश्यकता पडने पर हम सैन्य कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेंगे । ईरान ने सऊदी अरब की समरेफ रिफाइनरी को लक्ष्य बनाकर उस पर आक्रमण किया । इस पृष्ठभूमि पर सऊदी अरब ने ईरान को यह चेतावनी दी है ।

  • ईरान में स्थित विश्व के सबसे बडे गैस क्षेत्र पर आक्रमण

  • अब खाडी देशों के तेल-गैस शिविरों पर क्षेपणास्त्र दागेंगे ! – ईरान की चेतावनी

१८ मार्च को इजरायल ने दक्षिणी ईरान के साऊथ पार्स गैस क्षेत्र तथा असालुएह शहर में स्थित तेल-गैस सुविधा पर हवाई आक्रमण किया । साऊथ पार्स को विश्व का सबसे बडा प्राकृतिक वायुक्षेत्र माना जाता है । इस आक्रमण के जवाब के रूप में ईरान ने खाडी देशों में बडे आक्रमणों की चेतावनी दी है । ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने लोगों को सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमिरात एवं कतर के प्रमुख तेल एवं गैस भंडारों से दूर रहने की चेतावनी दी । इस चेतावनी के उपरांत १९ मार्च को ईरान ने सऊदी अरब की समरेफ रिफाइनरी को लक्ष्य बनाकर उस पर आक्रमण किया ।

कतर पर आक्रमण सहन नहीं करेंगे ! – ट्रम्प

१८ मार्च की रात को ईरान ने कतर की सबसे बडी ‘रास लफान’ गैस परियोजना पर क्षेपणास्त्रों से आक्रमण किया । उसके उपरांत वहां आग लगी तथा उसमें बडी हानि हुई । आग पर नियंत्रण प्राप्त करने के लिए तुरंत आपातकालीन दल भेजे गए । कतर के विदेश मंत्रालय का कहना है कि ईरान ने अपनी सीमा लांघ दी है; क्योंकि उसने सामान्य नागरिकों एवं महत्त्वपूर्ण स्थानों को लक्ष्य बनाया । ऐसे आक्रमणों के कारण संपूर्ण प्रदेश की स्थिति बिगड सकती है । इसलिए अब सभी देशों को एकत्रत होकर तनाव अल्प करने का तथा शांति बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए ।

संयुक्त अरब अमिरात को प्रतिदिन १० सहस्र करोड रुपए की हो रही है हानि !

युद्ध के कारण संयुक्त अरब अमिरात को प्रतिदिन १० सहस्र करोड रुपए की हानि सहन करनी पड रही है । ‘अल हबतूर ग्रुप’के संस्थापक खलफ अहमद अल हबतूर ने ‘अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने हमें युद्ध में ढकेल दिया’, ऐसी आलोचना की ।-

ईरान के गुप्तचरमंत्री मारे गए !

ईरान के गुप्तचरमंत्री इस्माईल खतीब

ईरान के गुप्तचरमंत्री इस्माईल खतीब इजरायल के हवाई आक्रमण में मारे गए हैं । ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है तथा इसे कायरतापूर्ण हत्या कहा है ।

संयुक्त अरब अमिरात में डिजल बिक रहा है भारत से महंगा !

संयुक्त अरब अमिरात विश्व को तेल बेचता है; परंतु अब उसके ही देश में डिजल भारत से भी महंगा हुआ है । यहां एक लिटर डिजल का मूल्य १०४ रुपए हुआ है, जबकि भारत में देहली में डिजल का मूल्य प्रति लिटर ८७ रुपए है । तेल उत्पादन में अमिरात विश्व में ७ वें स्थान पर है । यहां प्रतिदिन ४५ लाख बैरल तेल उत्पादन की क्षमता है ।

चीन की ओर जानेवाली तेल ले जा रही रूस की नौका को भारत की ओर मोडा गया !

रूस की एक तेल ले जा रही नौका पहले चीन जा रही थी; परंतु अब वह अपना मार्ग बदलकर भारत आ रही है । ‘एक्वा टाइटन’ नाम की यह नौका रूस के बाल्टिक सागर से तेल लेकर जा रही थी तथा उसे चीन के रिजाओ बंदरगाह पहुंचना था; परंतु मार्च के मध्य में दक्षिणी चीन सागर में पहुंचते ही उसने अपना मार्ग बदला तथा अब वह २१ मार्च को मंगलुरू पहुंचनवाली है । भारत के द्वारा अकस्मात ही रूस से तेल की खरीद बढाए जाने से यह नौका भारत की दिशा में मोड दी गई । भारत ने एक सप्ताह में रूस से अनुमानित ३ करोड बैरल तेल खरीदा । अब तक रूस के ७ तेल टैंकर नौकाओं ने अपना मार्ग बदलकर भारत की ओर मोडा है, ऐसा कहा गया है । ईरान युद्ध से उत्पन्न स्थिति में रूस अब भारत के लिए एक बडा तेल आपूर्तिकर्ता बन रहा है तथा वर्तमान में इसमें चीन की अपेक्षा भारत को अधिक प्रधानता मिल रही है ।

भारत ने ईरान काे भेजी चिकित्सकीय सहायता !

भारत ने ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को मानतावादी सहायता के पहले चरण के रूप में प्राणरक्षक औषधियां, शस्त्रकर्म उपकरण, चिकित्सकीय किट इत्यादी सामग्री भेजी है ।