उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में ब्राह्मणों से संबंधित आपत्तिजनक प्रश्न

उत्तरदायियों पर होगी कार्यवाही

लक्ष्मणपुरी (उत्तर प्रदेश) – उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक बहुविकल्पीय प्रश्न को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है । प्रश्न था, ‘परिस्थिति के अनुसार बदलने वाला कौन है ?’ इस प्रश्न के लिए दिए गए विकल्पों में से एक विकल्प ‘पंडित’ भी था । भारतीय जनता पक्ष के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने इस पर आपत्ति व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा । वहीं, प्रतियोगी परीक्षा छात्र संघर्ष समिति के माध्यम प्रमुख प्रशांत पांडेय ने भी ‘पंडित’ शब्द को विकल्प के रूप में दिए जाने पर कडी आपत्ति दर्ज कराई ।

हिंदू महासभा ने ब्राह्मण समाज का अपमान होने का आरोप लगाते हुए इस प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कराने की घोषणा की है । इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि इस प्रकरण में उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी । सरकार ने इस प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो , इसके लिए स्पष्ट दिशानिर्देश प्रस्तुत किए हैं । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि प्रश्नपत्र तैयार करते समय किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या समुदाय की आस्था एवं सम्मान से संबंधित विषयों पर किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी किसी भी परिस्थिति में सम्मिलित न की जाए । साथ ही प्रश्नपत्र तैयार करने वालों को इस विषय में स्पष्ट निर्देश देने के भी आदेश दिए गए हैं , ताकि संवेदनशीलता बनाए रखी जा सके ।