LPG Gas Import : भारत हेतु ४ देशों से आ रही है एल.पी.जी. गैस !

नई देहली – मध्यपूर्व में बढ़ती युद्धजन्य परिस्थिति के कारण वैश्विक स्तर पर तेल तथा वायु आपूर्ति पर प्रभाव पड़ा है । भारत में उत्पन्न होने वाले एल.पी.जी. के संकट को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा ऑस्ट्रेलिया, कनाडा एवं अल्जीरिया जैसे देशों से एल.एन.जी. तथा एल.पी.जी. की मांग करने पर, उनकी ओर से अतिरिक्त भण्डार भारत आना प्रारंभ हो गया है । भारत मुख्य रूप से कतर (४२ प्रतिशत) तथा संयुक्त अरब अमीरात (११ प्रतिशत) इन देशों से गैस आयात करता है; किंतु युद्ध के कारण इन मार्गों में बाधा आने की संभावना होने से सरकार ने इन देशों से गैस का आयात किया है ।

भारतीय रिफाइनरियों ने एल.पी.जी. के घरेलू उत्पादन में १० प्रतिशत की वृद्धि की है । इससे सामान्य नागरिकों को ब रसोई गैस हेतु पंक्ति में खड़े रहने अथवा कमी का भय रखने की आवश्यकता नहीं होगी ।

कनाडा भारत की ऊर्जा की मांग पूर्ण कर सकता है ! – कनाडा के प्रधानमंत्री

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक वक्तव्य में कहा कि, हमारा देश ऊर्जा क्षेत्र में महाशक्ति के रूप में उभर रहा है तथा भारत में बढ़ती ऊर्जा की आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है । भारत में ऊर्जा की मांग वर्ष २०४० तक लगभग द्विगुणित होने का अनुमान है तथा कनाडा इसके लिए भारत का विश्वसनीय सहभागी बन सकता है ।

ईरान हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में बिछा रहा है विस्फोटक ! : अमेरिका

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी है कि, ‘यदि हॉर्मुज के जलडमरूमध्य में विस्फोटक बिछाए गए हैं, तो उन्हें तत्काल हटा लिया जाए । यदि ऐसा नहीं किया गया, तो ईरान को ऐसे सैन्य परिणामों का सामना करना पड़ेगा, जो विश्व ने इससे पूर्व कभी नहीं देखे होंगे ।’ इसके पश्चात अमेरिकी सेना ने १६ विस्फोटकों सहित ईरान की १० युद्धपोतों को नष्ट कर दिया ।

दुबई विमानपत्तन के समीप हुए आक्रमण में १ भारतीय घायल

ईरान द्वारा दुबई विमानपत्तन के समीप किए गए आक्रमण में घाना के २ नागरिक तथा बांग्लादेश का १ नागरिक सामान्य रूप से घायल हुए, जबकि एक भारतीय नागरिक को मामूली क्षति हुई है । घायलों को तत्काल उपचार हेतु चिकित्सालय ले जाया गया । दुबई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, इस घटना के पश्चात भी विमानपत्तन पर उड़ान सेवा पूर्ववत कार्यरत है एवं यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हो रही है ।