British Tourists expelled : पुष्कर (राजस्थान) में इजरायल विरोधी पोस्टर लगाने पर २ ब्रिटिश पर्यटकों का वीजा निरस्त

भारत छोडने का आदेश ।

(वीजा यानी किसी देश में निश्चित अवधि तक रहने की अनुमति देने वाला प्रमाणपत्र)

जयपुर (राजस्थान) – राज्य के हिन्दुओं के पवित्र तीर्थस्थल पुष्कर में दो ब्रिटिश नागरिक पर्यटकों द्वारा आपत्तिजनक कार्य किए जाने की घटना में उनका वीजा निरस्त कर दिया गया है । वे यहां की गलियों में इजरायल विरोधी तथा फिलिस्तीन समर्थक स्टिकर (भित्ति-पत्रक) लगा रहे थे, जिसकी जानकारी गुप्त सूचना विभाग को मिली । इसके बाद प्रशासन ने तुरंत दोनों का वीजा निरस्त करते हुए उन्हें भारत छोडने का आदेश दिया ।

इन ब्रिटेन के पर्यटकों के नाम लुईस गैब्रियल एवं उनकी मित्र अनुशी एम्मा हैं । वे पर्यटक वीजा पर भारत भ्रमण के लिए आए थे । राजनीतिक प्रकृति की गतिविधियों में सम्मिलित होकर उन्होंने वीजा नियमों का उल्लंघन किया, जिसके कारण यह कार्यवाही की गई ।

यह घटना २१ जनवरी की है । पुष्कर की गलियों में राजनीतिक संदेश वाले स्टिकर लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसे बाद में गुप्त सूचना विभाग तक पहुंचाया गया । सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद इस ब्रिटेन के जोडे की पहचान हुई एवं उनके विरुद्ध कार्यवाही की गई । पुष्कर में इजरायली पर्यटकों की संख्या अधिक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अधिक सतर्क हो गई हैं ।