Bangladesh Singer Death : बांगलादेश में कारागार में पर्याप्त उपचार न मिलने से हिन्दू गायक की मृत्यु l

हिन्दू गायक प्रोलय चाकी

ढाका (बांगलादेश) – बांगलादेश में हिन्दुओं की हत्याएं हो रही हैं , अब कारागार में बंद हिन्दू गायक प्रोलय चाकी को पर्याप्त उपचार न मिलने के कारण उनकी मृत्यु होने की घटना सामने आई है । ११ जनवरी की रात ढाका के राजशाही वैद्यकीय महाविद्यालय के चिकित्सालय में चाकी ने अंतिम सांस ली । वे पाबना जिला कारागार में बंद थे , ९ जनवरी को उन्हें हृदयाघात आने के बाद चिकित्सालय में भर्ती किया गया था । पहले उन्हें पाबना सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया तथा उसके बाद राजशाही वैद्यकीय महाविद्यालय के चिकित्सालय में भेजा गया था । उनके परिवारजनों ने पर्याप्त उपचार न मिलने का आरोप लगाया है । प्रोलय चाकी शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी के जिला स्तर के सांस्कृतिक सचिव थे । उन्हें १६ दिसंबर २०२५ को उनके घर से बंदी बनाया गया था ।

कारागार अधीक्षक ने आरोपों का खंडन किया ।

पाबना जिला कारागार के अधीक्षक मोहम्मद ओमर फारुक ने बताया कि प्रोलय चाकी पहले से ही मधुमेह सहित अनेक रोगों से ग्रस्त थे । स्थिति बिगडते ही उपचार की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई थी । किसी भी प्रकार की देरी नहीं हुई ।

चाकी के पुत्र तथा संगीत निर्देशक सानी चाकी ने आरोप लगाया है कि जब उनके पिता को पाबना सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया , तब वहां हृदय रोग से संबंधित उपचार की सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं । इसके उपरांत भी उन्हें वहीं रखा गया , बाद में पुनः कारागार भेज दिया गया, उसके बाद राजशाही ले जाया गया , जिससे उनकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई ।

पिछले वर्ष बांगलादेश के कारागारों में कुल १०७ लोगों की मृत्यु हुई ।

मानव अधिकार संस्था ‘ऐन ओ सलीश केंद्र’ के अनुसार वर्ष २०२५ में बांगलादेश के कारागारों में कुल १०७ सात लोगों की मृत्यु हुई , जिनमें ६९ विचाराधीन बंदी और ३८ दंडित बंदी सम्मिलित थे । वर्ष २०२४ में पुलिस निगरानी में मृत्यु की संख्या ६५ लिखी गई थी ।

संपादकीय भूमिका 

किसी भी प्रकार से हिन्दुओं की हत्या करने का एकसूत्री कार्यक्रम बांगलादेश में चल रहा है , यह उसी का एक उदाहरण है ।