Faridabad Love Jihad : फरीदाबाद (हरियाणा) में शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों के लिए जारी परिपत्र में ‘लव जिहाद’ के विरुद्ध कदम उठाने का उल्लेख

राजनीतिक विरोध के पश्चात शिक्षा विभाग ने परिपत्र वापस लिया !

फरीदाबाद (हरियाणा) – यहां जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने २९ अक्तूबर को सभी विद्यालयों को एक परिपत्र भेजा था । उसमें कहा गया था कि, जिला शिक्षा कार्यालय को कुछ विद्यार्थियों के विषय में शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि वे कक्षा छोड़कर उद्यानों में घूमते हैं, अश्लील कृत्यों में लिप्त होते हैं, ‘लव जिहाद’ जैसे कृत्यों में सम्मिलित होते हैं तथा सार्वजनिक वातावरण को बिगाडते हैं । इसके साथ ही विद्यार्थियों के कक्षा के बाहर के आचरण पर दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए थे एवं अन्य सूचनाओं के साथ ‘लव जिहाद’ के विरोध में कदम उठाने की भी बात कही गई थी । इसके पश्चात इस परिपत्र पर आलोचना होने के बाद उसे वापस ले लिया गया । मुख्यमंत्री कार्यालय में इस विषय की आपत्ति आने के बाद सिंगला ने इस प्रकार का परिपत्र जारी किया था ।

पालक समूह तैयार करने के थे निर्देश !

सभी विद्यालयों को पालकों के ‘व्हॉट्सऐप’ समूह तैयार करने एवं उनके बच्चों की उपस्थिति के विषय में सूचना देने के आदेश दिए गए थे । अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि ऐसी आपत्ति पुनः प्राप्त होने पर विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी ।

मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रविष्ट हुई शिकायत

इस प्रकरण की पृष्ठभूमि में ‘सीएम् विंडो’ नामक संकेतस्थल पर विद्यार्थियों के आचरण के विषय में शिकायत प्रविष्ट की गई थी । उसके अनुसार विद्यालय के समय में कुछ विद्यार्थी मॉल एवं उद्यानों में घूमते पाए गए थे । परिपत्र केवल उसी शिकायत के उत्तरस्वरूप प्रसारित किया गया सामान्य निर्देश था; परंतु विवाद बढ़ने के पश्चात वह परिपत्र वापस लिया गया ।

प्राचार्य की प्रतिक्रिया

एक विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय पूर्व से ही अनुशासन एवं सुरक्षा के लिए प्रयत्नशील है; किन्तु अधिकृत पत्रव्यवहार में ‘लव जिहाद’ जैसे शब्दों का प्रयोग अनावश्यक तनाव उत्पन्न करने वाला है तथा शैक्षणिक प्राथमिकताओं से ध्यान भटकाता है ।

शिकायत पर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए ! – भाजपा

भाजपा के प्रदेश माध्यम प्रमुख अरविंद सैनी ने कहा कि ऐसी शिकायत आने पर जांच अवश्य होनी चाहिए । सरकार के पास कोई भी शिकायत आने पर तत्काल कार्रवाई आरंभ की जाती है । जांच में जो निष्कर्ष प्राप्त होंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी ।

सैनी ने परिपत्र में ‘लव जिहाद’ के उल्लेख पर कोई टिप्पणी करना अस्वीकार किया ।

शिक्षा विभाग को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना चाहिए ! – कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक आफताब अहमद ने इस पत्र को ‘दायित्वहीन तथा समाज में फूट डालने वाला’ कहा । उनका मत था कि शिक्षा विभाग को राजनीतिक कार्यक्रम चलाने के स्थान पर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना चाहिए । अधिकारियों को ऐसा परिपत्र निकालते समय धार्मिक अथवा प्रक्षोभक भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए, इसका ध्यान रखना आवश्यक है । संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जानी चाहिए ।

चर्चा के पश्चात ही आगे का निर्णय लिया जाएगा ! – मुख्यमंत्री कार्यालय

मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रसार माध्यम सचिव प्रवीण अत्रेय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में प्रवाहित करना, यह विद्यालय, शिक्षा विभाग तथा पालक – तीनों का सामूहिक दायित्व है । प्रशासन, विद्यालय एवं पालकों के बीच चर्चा के उपरांत ही आगे का निर्णय लिया जाएगा ।

अत्रेय ने परिपत्र में ‘लव जिहाद’ शब्द पर कोई टिप्पणी नहीं की ।

संपादकीय भूमिका 

‘लव जिहाद’ के अस्तित्व में होने के उपरांत हरियाणा की भाजपा सरकार का राजनीतिक विरोध के कारण ऐसे प्रकार से पीछे हटना हिन्दुओं के लिए अपेक्षित नहीं है !