Kashi Online Pind Daan : काशी में अब ऑनलाइन हो रहा है पिंडदान !

वाराणसी (उत्तरप्रदेश) – वर्तमान में श्राद्ध पक्ष चल रहा है । अनेक लोगों को काशी अथवा गया जाकर श्राद्ध करने की इच्छा होती है, लेकिन यह सभी के लिए संभव नहीं हो पाता । ऐसे लोगों के लिए काशी के पुरोहितों द्वारा अब ऑनलाइन श्राद्ध की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है । इस नवपहल का लाभ विदेश में रहनेवाले हिन्दू भी उठा रहे हैं ।

यहां कैमरे के माध्यम से विधिवत पिंडदान किया जाता है तथा उसका सीधा प्रसारण संबंधित श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाता है । कुछ पुरोहित अपने भ्रमणभाष पर वीडियो बनाकर उसे श्रद्धालुओं को भेजते भी हैं । इस ऑनलाइन विधि के लिए एक विशेष ऐप द्वारा आरक्षण किया जाता है तथा क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि भेजी जाती है ।

इस विषय में आचार्य मोहित उपाध्याय ने जानकारी दी कि विदेश में रह रहे श्रद्धालु सीधे अपने भ्रमणभाष पर यह विधि देख रहे हैं । ऑस्ट्रेलिया, यू.के. अथवा अमेरिका जैसे देशों में रहनेवाले अनेक भारतीय वहां स्थायी रूप से बसे हुए हैं, परंतु उन्हें काशी में अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान करना होता है । किंतु यात्रा की कठिनाई अथवा स्वास्थ्यगत कारणों से वे यहां नहीं आ पाते । ऐसे लोग हमसे संपर्क करते हैं । हम उन श्रद्धालुओं से उनका गोत्र, वंश, नाम एवं पता पूछते हैं । संकल्प भी भ्रमणभाष पर ही करवाया जाता है उसके बाद पूजा प्रारंभ की जाती है । हम एक साथ ५ से ६ श्रद्धालुओं के लिए विधि संपन्न कर सकते हैं ।

पंडित योगी आलोक ने बताया कि विदेश से श्रद्धालु पहले भी काशी आते रहे हैं, परंतु अब भीड अधिक होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पडता है । इसलिए अब वे ऑनलाइन पिंडदान करवाने लगे हैं ।