Dr. Pandurang Marathe : आई.एम.ए. फोंडा शाखा की ओर से डॉक्टरों का सम्मान।

आधुनिक चिकित्सक डॉ. पांडुरंग मराठे का सत्कार –

बाएँ से – डॉ. अजय पेडणेकर, सत्कार करते हुए डॉ. दत्ताराम देसाई, सत्कारमूर्ति डॉ. पांडुरंग मराठे, तथा डॉ. सुभाष शिकेरकर

फोंडा (गोवा) – इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई.एम.ए.) की फोंडा शाखा द्वारा ‘डॉक्टर्स डे’ के उपलक्ष्य में ३ आधुनिक चिकित्सकों का सत्कार किया गया । सम्मानित होने वालों में सनातन संस्था के साधक डॉ. पांडुरंग मराठे, डॉ. गजानन नाईक तथा डॉ. सूरज काणेकर सम्मिलित थे । इन सभी का सत्कार ‘आई.एम.ए. गोवा’ के अध्यक्ष डॉ. दत्ताराम देसाई के कर-कमलों द्वारा किया गया । यह कार्यक्रम ‘दिलासा पेलिएटिव केयर सेंटर’ में आयोजित किया गया था ।

इस अवसर पर आई.एम.ए. फोंडा शाखा के अध्यक्ष डॉ. अजय पेडणेकर, फोंडा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. संतोष उसगांवकर, उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शिकेरकर, अन्य पदधिकारीगण एवं अनेक आधुनिक चिकित्सक उपस्थित थे ।

डॉ. मराठे को समर्पित सेवा के लिए सम्मान –

डॉ. पांडुरंग मराठे

डॉ. पांडुरंग मराठे को पिछले ४० वर्षों से चिकित्सकीय क्षेत्र में निःस्वार्थ, निष्काम एवं समर्पण भाव से सेवा देने के लिए शॉल, श्रीफल, प्रमाणपत्र तथा स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया । उन्होंने अपने चिकित्सकीय जीवन के आरंभ में ११ वर्ष तक सरकारी अस्पतालों में सेवा दी । बाद में वे अध्यात्म का प्रचार करने वाली सनातन संस्था के संपर्क में आए एवं पिछले २० वर्षों से इस संस्था के माध्यम से सहस्त्रों ग़रीबों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे हैं । इससे पहले भी वे ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा दे चुके हैं । इन सभी सेवाओं के आधार पर उनका यह सत्कार किया गया ।

डॉ. पांडुरंग मराठे द्वारा प्राप्त प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार

डॉ. सूरज काणेकर की योगसेवा

डॉ. सूरज काणेकर भी कुछ समय तक पतंजलि योग समिति (गोवा) के प्रमुख रहे हैं । आज भी वे समाज को योगासन का महत्व समझाने हेतु नियमित कक्षाएं लेते हैं ।

विद्यार्थियों एवं साक्षी ईश्वर काळे का भी सम्मान –

कार्यक्रम में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया । साथ ही, फोंडा की दृष्टिहीन छात्रा कु. साक्षी ईश्वर काळे, जो पेरिस में आयोजित पॅरा ओलिंपिक (गति मंद बच्चों की क्रीड़ा स्पर्धा) में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, उनका भी विशेष सत्कार किया गया।

डॉ. पांडुरंग मराठे ने कृतज्ञता व्यक्त की –

सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले

सत्कार के अवसर पर डॉ. पांडुरंग मराठे ने उन्हें आधुनिक चिकित्सक बनने की यात्रा में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, वैद्यों और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से अपने आध्यात्मिक गुरु सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले जी के चरणों में कृतज्ञता व्यक्त की, जिनके मार्गदर्शन से वे केवल एक अच्छे डॉक्टर नहीं, बल्कि एक आनंदमयी जीवन जीने वाले व्यक्ति भी बन सके।