Loudspeaker Free Mumbai : मुम्बई नगर हुआ ध्वनिविस्तारक-मुक्त !

  • मुम्बई पुलिस का सराहनीय कार्य !

  • विविध धर्मों के १ सहस्र ५०० धार्मिक स्थलों से हटाए गए ध्वनिविस्तारक !

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस

मुम्बई – नगर के विविध धर्मों से सम्बन्धित १ सहस्र ५०० धार्मिक स्थलों से मुम्बई पुलिस ने ध्वनिविस्तारक हटा दिए हैं । यह कार्य पुलिस आयुक्त देवेन्द्र भारती के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ । इसके परिणामस्वरूप मुम्बई नगर ध्वनिविस्तारक-मुक्त बन गया है । मुम्बई के धार्मिक स्थलों से ध्वनिविस्तारक हटाए जाने की यह प्रथम घटना है । मुम्बई पुलिस ने बिना किसी प्रचार-प्रसार के यह कार्य सम्पन्न किया, ऐसा ज्ञात होता है ।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस प्रतिदिन इस अभियान की समीक्षा कर रहे थे । इस कार्य में व्यवधान उत्पन्न करनेवालों से वे स्वयं संवाद करते थे ।

इस विषय में पुलिस आयुक्त देवेन्द्र भारती ने कहा, “ध्वनिविस्तारक हटाने हेतु हमने गत २ मासों से सर्वधर्मीय नेताओं, धर्माचार्यों, तथा विविध राजनैतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करके उनके संग बैठकें की । विविध पुलिस थानों के अधिकारी इस अभियान में सम्मिलित हुए । सर्वधर्मीयों ने सौहार्द का परिचय दिया, यह मुझे विशेष रूप से आनन्दप्रद प्रतीत होता है ।”

इससे पूर्व मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी शासन को मस्जिदों से ध्वनिविस्तारक हटाने हेतु समयसीमा प्रदान की थी।

संपादकीय भूमिका 

यद्यपि अभी ये ध्वनिविस्तारक हटा दिए गए हैं, तथापि भविष्य में पुनः न स्थापित किए जाएं, इस ओर भी पुलिस को ध्यान देना चाहिए !