दक्षिण अफ्रीका में १७ सहस्र हिन्दुओं ने एकत्र होकर किया हनुमान चालीसा का पाठ !

  अंतरराष्ट्रीय ‘चिन्मय मिशन दक्षिण अफ्रीका’ ने किया था ‘मैन टू हनुमान’ नामक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन

कार्यक्रम में मंच पर रखी गई श्री हनुमानजी की मूर्ति

चैट्सवर्थ (दक्षिण अफ्रीका) – ‘चिन्मय मिशन दक्षिण अफ्रीका’ द्वारा यहां कुछ दिन पूर्व ही ‘मैन टू हनुमान’ (मनुष्य से हनुमान तक) नामक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था । यह अफ्रीका के इतिहास में अब तक का हिन्दुओं का सबसे बडा सम्मेलन प्रमाणित हुआ । कार्यक्रम में १७ सहस्र से अधिक श्रद्धालु एकत्र हुए और २७ बार हनुमान चालीसा का पाठ किया, ऐसी जानकारी ‘चिन्मय मिशन’ के श्री अपराजित अय्यर ने ‘सनातन प्रभात’ के प्रतिनिधि को दी ।

कार्यक्रम में उपस्थित भजनगायक अनुप जलोटा एवं पूज्य स्वामी अभेदानंद सरस्वती (मध्य में पूज्य गुरुदेव स्वामी चिन्मयानंदजी का तैलचित्र)
कार्यक्रम में उपस्थित दक्षिण अफ्रीका के सहस्रों हिन्दू

‘चिन्मय मिशन दक्षिण अफ्रीका’ संस्था के आध्यात्मिक प्रमुख पूज्य स्वामी अभेदानंद सरस्वतीजी का ‘यहां के सभी हिन्दुओं को भाषा, प्रांत, आर्थिक स्थिति आदि सभी सामाजिक भेदों को दूर रखकर एक ही छत्र के नीचे एकत्रित करना’ का स्वप्न था । यह स्वप्न इस गौरवशाली कार्यक्रम के रूप में साकार हुआ । यह कार्यक्रम ‘विश्व चिन्मय मिशन’ की ७५ वीं वर्षगांठ के अवसर पर भी आयोजित किया गया था ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं !

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कार्यक्रम की सफलता के लिए लिखा गया शुभकामना संदेश

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस कार्यक्रम के लिए शुभकामना देनेवाला एक विशेष पत्र भेजा था । इसमें उन्होंने ‘चिन्मय मिशन’ के योगदान का गौरव किया और प्रार्थना के माध्यम से श्रद्धा एवं एकता के महत्त्व को रेखांकित किया । इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक श्री अनुप जलोटा भी उपस्थित थे ।