Anurag Dhankar Found Dead : त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड पुलिस मुख्यालय में फंदे से लटके हुए पाए गए !

आत्महत्या की आशंका व्यक्त

पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड

अगरतला (त्रिपुरा) – त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड का शव अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में मिलने से व्यापक सनसनी फैल गई । वे अपने कार्यालय कक्ष में फंदे से लटकी हुई अवस्था में पाए गए । इसके पश्चात उनके शव को अगरतला के जीबी अस्पताल ले जाया गया । उनकी मृत्यु का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है । इस प्रकरण में आत्महत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है ।

१. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे । उन्होंने कार्यालय परिसर को सील कर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया तथा जांच प्रारंभ कर दी ।

२. घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा तत्काल पुलिस मुख्यालय पहुंचे ।

३. मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा सहित गृह विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी पुलिस बल के साथ जीबी अस्पताल पहुंचे ।

अनुराग धनखड कौन थे ?

अनुराग धनखड वर्ष १९९४ बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी थे । उन्होंने वर्ष २०२५ में त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया था । उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में कार्यरत रहते हुए फरार उद्योगपति नीरव मोदी से संबंधित प्रकरण की जांच का नेतृत्व किया था । इसके अतिरिक्त, वर्ष १९८४ के सिख-विरोधी दंगों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी उन्होंने नेतृत्व किया था ।