प्रखर राष्ट्रवादी पत्रकार श्री अरविंद विठ्ठल कुळकर्णी का वृद्धावस्था के कारण निधन

श्री अरविंद विठ्ठल कुळकर्णी

मुम्बई – हिन्दुत्वनिष्ठ एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री अरविंद विठ्ठल कुळकर्णी का दिनांक १५ जून को पवई स्थित उनके निवासस्थान पर ८४ वर्ष की आयु में वृद्धावस्था के कारण निधन हो गया । उनके पीछे उनकी पत्नी एवं दो पुत्र हैं । वे पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.) परिसर में निवास करते थे । दिनांक १६ जून को पवई स्थित मोक्षधाम श्मशानभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया ।

अरविंद कुळकर्णी प्रखर राष्ट्रवादी विचारधारा के थे । उन पर स्वातंत्र्यवीर सावरकर के विचारों का गहरा प्रभाव था । स्वातंत्र्यवीर सावरकर के साहित्य का उन्होंने गहन अध्ययन किया था । उन्होंने विविध समाचार-पत्रों एवं समाचार-संस्थाओं में पत्रकारिता की । कुछ समय उन्होंने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ नामक समाचार संस्था में कार्यालय प्रमुख (ब्यूरो प्रमुख) के रूप में कार्य किया था । इसके अतिरिक्त ‘मिड डे’ नामक अंग्रेजी तथा ‘मराठा’ नामक मराठी समाचार-पत्रों में भी उन्होंने कार्य किया । उन्होंने साप्ताहिक ‘विवेक’ के सम्पादक के रूप में भी दायित्व निभाया । वृद्धावस्था में भी वे ‘अधोरेखित’ नामक अपनी यूट्यूब वाहिनी का संचालन करते थे । उस पर वे राष्ट्र, धर्म एवं समाज विषयक प्रबोधन के विश्लेषणात्मक चलचित्र प्रसारित करते थे । वर्ष २०१३ की ‘धुले दंगा सत्यशोधन समिति’ के वे सदस्य भी थे ।

अरविंद कुळकर्णी  के लेखन एवं वक्तृत्व से अनेक लोगों को राष्ट्र एवं धर्म के कार्य हेतु प्रेरणा प्राप्त हुई । हिन्दूद्वेषियों एवं प्रगतिशीलतावादियों द्वारा हिन्दू धर्म पर की जाने वाली आलोचनाओं का उन्होंने समय-समय पर अध्ययनपूर्वक खंडन किया । उनका वक्तृत्व भी अत्यन्त स्पष्ट, निर्भीक एवं प्रखर होता था । समाज के विविध क्षेत्रों के मान्यवरों से उनके आत्मीय संबंध थे । उनके निधन पर सभी क्षेत्रों से मान्यवरों ने संवेदना प्रकट की है ।

‘सनातन प्रभात’ एवं ‘सनातन संस्था’ से संबंध

छायापंक्ति : दैनिक ‘सनातन प्रभात’ की मुम्बई, ठाणे, रायगढ, उत्तर महाराष्ट्र एवं विदर्भ आवृत्ति के वार्षिकोत्सव विशेषांक के प्रकाशन के समय मध्य में श्री अरविंद कुळकर्णी

श्री अरविंद विठ्ठल कुळकर्णी ने कुछ काल ‘सनातन प्रभात’ नियतकालिक समूह के ‘समादेशक सम्पादक’ के रूप में उत्तरदायित्व सम्भाला था । ‘सनातन प्रभात’ में उनके राष्ट्र एवं धर्म विषयक विविध लेख प्रकाशित हुए हैं । उनका ‘शरसंधान’ नामक स्तम्भ ‘सुघोष’ नाम से ‘सनातन प्रभात’ नियतकालिक में प्रकाशित होता था । इस स्तम्भ का एक विशाल वाचकवर्ग था । सत्यपरक एवं स्पष्ट रूप से वस्तुस्थिति प्रस्तुत करनेवाला उनका लेखन अनेक लोगों को अत्यन्त प्रिय था ।

‘सनातन प्रभात’ के वार्ताहारों को समय-समय पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ । ‘सनातन प्रभात’ की मुम्बई, ठाणे, रायगढ, उत्तर महाराष्ट्र एवं विदर्भ आवृत्ति की १०वीं एवं ११वीं वार्षिकोत्सव सभाओं में वे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे । वर्ष २०११ में हिन्दू जनजागृति समिति की ‘राष्ट्र जागृति सभाओं’ में उन्होंने वक्ता के रूप में मार्गदर्शन किया था । सनातन संस्था के देवद (पनवेल) एवं रामनाथी (गोवा) स्थित आश्रमों में भी उन्होंने भेंट दी थी । सनातन के कठिन काल में उन्होंने संस्था को दृढ समर्थन प्रदान किया था ।

सनातन परिवार, कुळकर्णी परिवार के दुःख में सहभागी है । ईश्वरचरणों में प्रार्थना है कि श्री अरविंद कुलकर्णी की आत्मा को सद्‌गति प्राप्त हो ।

‘लडवैये पत्रकार’ के रूप में अरविंद कुळकर्णी सदैव स्मरण में रहेंगे ! – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई – वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं पत्रकार अरविंद विठ्ठल कुळकर्णी के निधन से राष्ट्रवादी विचारों से ओतप्रोत तथा साहसपूर्वक राष्ट्रवाद प्रस्तुत करने वाले एक पत्रकार समय के प्रवाह में विलीन हो गए हैं ।

उन्होंने अनेक युवाओं को राष्ट्रीय विचारों पर आधारित पत्रकारिता की शिक्षा दी थी । महाराष्ट्र की राजनीति को अत्यंत समीप से देखने वाले तथा महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर टिप्पणी करने वाले एक संघर्षशील पत्रकार के रूप में वे सदैव स्मरण में रहेंगे ।