Real Money Gaming Platform Requires Regulation : ‘रियल मनी गेमिंग प्लैटफॉर्म ’का अनियंत्रित प्रचार रोकने के लिए राष्ट्रीय नियमन की आवश्यकता ! – सुराज्य अभियान

(टीप : रियल मनी गेमिंग प्लैप्लैट अर्थात खेल के माध्यम से पैसों का निवेश कर धन अर्जित करने का साधन)

मुंबई – ‘रियल मनी गेमिंग प्लैटफॉर्म’का अनियंत्रित प्रचार रोकने के लिए राष्ट्रीय नियमन तैयार करने की नितांत आवश्यकता है । इस प्लैटफॉर्म से प्रसारित होनेवाले तथा नैतिकता का उल्लंघन करनेवाले विज्ञापनों के कारण होनेवाली आर्थिक हानि तथा उसका व्यसन लगने जैसी प्राणघातक घटनाएं हुई हैं । केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा ग्राहक प्रकरण मंत्रालय इस विषय में तुरंत कार्यवाही करें तथा इस ‘रियल मनी गेमिंग प्लैटफॉर्म’का नियमन करें, ऐसी मांग सुराज्य अभियान की ओर से की गई है ।

‘सुराज्य अभियान’ने केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा ग्राहक प्रकरण मंत्रालय को लिखे पत्र में ऑनलाइन जुए से संबंधित बढती समस्याओं के प्रति तीव्र चिंता व्यक्त की है । गृह मंत्रालय के द्वारा इस समस्या का समाधान ढूंढने हेतु अधिकारियों, कानून के विशेषज्ञों तथा उद्योग प्रतिनिधियों के समावेश से युक्त समिति का गठन करने के कारण अभियान ने संतोष व्यक्त किया है ।

सुराज्य अभियान के पत्र में समाहित अन्य सूत्र –

१. ‘ऑनलाइन गेमिंग प्लैटफॉर्म’के लिए दिए जानेवाले अनुज्ञप्तिपत्र के संबंध में मार्गदर्शक तत्त्व होने चाहिए ।

२. विज्ञापनों के विषय में कठोर नियम बनाकर दिशाभ्रम करनेवाले विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाया जाए ।

३. जुए का व्यसन, आर्थिक हानि तथा धोखाधडी से पीडित व्यक्तियों की सहायता के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था का गठन किया जाए ।

४. ऑनलाइन जुए के कारण उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए सार्वजनिक जुआ कानून, ग्राहक संरक्षण कानून तथा सूचना-प्रौद्योगिकी कानून की समीक्षा कर उसमें संशोधन किया जाए । इन कानूनों का उल्लंघन करनेवालों के लिए कठोर दंड का प्रावधान किया जाए ।

५. ऑनलाइन जुए के जोखिमों के विषय में समाज में जागरूकता बढाने हेतु देशव्यापी अभियान चलाया जाए । इसके अंतर्गत जनता को कानूनी तथा आर्थिक खतरों के प्रति जागरूक किया जाए ।

संपादकीय भूमिका 

वास्तव में देखा जाए, तो राष्ट्रप्रेमियों को ऐसी मांग करनी पडे, ऐसी स्थिति ही नहीं आनी चाहिए । सरकार को स्वयं ही इसका संज्ञान लेकर उसे करना अपेक्षित है !