शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जब तक त्यागपत्र नहीं दे देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा !

सोनम वांगचुक द्वारा अनशन वापस लेने के उपरांत अभिजीत दीपके ने किया स्पष्ट

नई दिल्ली – सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार के आश्वासन के पश्चात अपना २६ दिनों से चल रहा अनशन वापस ले लिया । इसके उपरांत कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ‘एक्स’ पर स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान त्यागपत्र नहीं देते, तब तक कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा । दीपके ने कहा, ‘सोनम वांगचुक ने २६ दिनों के उपरांत अपना अनशन वापस ले लिया है, इसका हमें बहुत प्रसन्नता है । सर, आपके साहस आपके त्याग के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद । अपने प्राण संकट में डालकर आपने पूरे देश की चेतना को जगाया है । आपके प्राण इस देश के लिए अत्यंत अनमोल हैं ।’

संभवतः आज रात हमें बंदी बनाया जा सकता है ? – दीपके ने जताई आशंका

दीपके ने कहा कि आज रात सम्भवतः कॉकरोच जनता पार्टी के समूह के सभी लोगों को पुलिस बंदी बना सकती है । मेरा सरकार से कहना है कि बंदी क्यों बनाना है ? ३५ दिनों से हम शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं । इतना शांतिपूर्ण आंदोलन स्वतंत्र भारत में कभी हुआ होगा, ऐसा मुझे नहीं लगता । हम संविधान के मार्ग पर चलनेवाले लोग हैं । आपको भारत के संविधान से क्या समस्या है ? आपने सोनम सर का यहां से अपहरण करके इस आंदोलन को और बडा बना दिया । उसके पश्चात आपने २० जुलाई को लडकियों के सिर फोडे, लडकियों के कपडे फाडकर पुलिस ने उनसे मारपीट की, तब यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया । अब सरकार हमें बंदी बनाकर तीसरी गलती न करे, अन्यथा यह आंदोलन और बडा होगा, ऐसी चेतावनी उन्होंने दी ।

बंदी बनाए गए, तब भी शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखें !

दीपके ने आगे कहा कि मेरी सभी से प्रार्थना है कि यदि आज रात हमारे समूह को बंदी बनाया गया, तो इस आंदोलन को आगे शांतिपूर्ण तरीके से चलाने का दायित्व आप सभी का है । मुझे विश्वास है कि आप सभी कानून का पालन करनेवाले देशभक्त हैं । आप ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे, जिससे हमारे देश की हानि हो । इसलिए यदि आज हमें बंदी बनाया जाता है, तो आपको देश के हर क्षेत्र में इस आंदोलन को आगे ले जाना है । जो लोग हिंसा करेंगे या कुछ गलत करेंगे, वे कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक नहीं हो सकते । हम शांतिपूर्ण मार्ग पर विश्वास रखनेवाले लोग हैं ।