Assam Flood : असम में भीषण बाढ – ४१ लोगों की मृत्यु ।

९०० से अधिक गांव जलमग्न ।

गुवाहाटी (असम) – असम में मूसलाधार वर्षा के कारण स्थिति अत्यन्त गंभीर हो गई है । ब्रह्मपुत्र नदी तथा उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढने से राज्य के २५ जिलों के ९०० से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं । राज्य के अनेक भागों में सडक तथा रेल यातायात ठप्प हो गया है । इस बाढ के कारण ४१ लोगों की मृत्यु हो चुकी है । २२ जुलाई की सायंकाल तक ९९० लोगों को सुरक्षित बचाया गया है । इस संकट की घडी में राज्य सरकार, सेना, ‘राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल’ (एन.डी.आर्.एफ्.) तथा ‘राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल’ (एस्.डी.आर्.एफ्.) की टीमों ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचावकार्य आरम्भ कर दिया है । भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन जल राहत’ के अन्तर्गत सहायता तथा बचाव अभियान को तीव्र कर दिया है ।

असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा ने कहा कि, आपदाग्रस्तों को सहायता पहुंचाना तथा बचावकार्य करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है । मुख्यमंत्री ने बाढ में प्राण गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रत्येक को ४ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है ।