काशी-विश्वनाथ मंदिर के प्रवेशद्वार पर सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अज्ञातवश गोलियां चलीं – ३ लोग घायल

प्रतिकात्मक छायाचित्र

वाराणसी – काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रवेशद्वार क्रमांक ४ के पास भीड को नियंत्रित करते समय वहां नियुक्त प्रांतीय सशस्त्र बल के सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अज्ञानतावश २ गोलियां चलने से परिसर में कुछ समय तक हंगामा मच गया । ये गोलियां सडक पर चलने से मंदिर के बाहर फूलमाला बेचनेवाले निक्की गुप्ता, रामबाबू एवं विकास यादव, ये तीन लोग घायल हुए । उन्हें तुरंत चिकित्सालय भर्ती किया गया तथा अब उनका स्वास्थ्य स्थिर बना हुआ है ।

गोलियों की अवाज सुनते ही अन्य सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पहुंचे तथा उन्होंने श्रद्धालुओं को यह दुर्घटना होने की जानकारी देकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया । सौभाग्यवश गोलियां सीधे किसी को नहीं लगीं । इस घटना का ‘सीसीटीवी’ फुटेज सामने आया है, जिसमें सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अज्ञानतावश गोलियां चलने का दृश्य दिखाई दे रहा है । पुलिस उपमहानिरीक्षक शिव हरी मीना ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड को नियंत्रित करते समय यह दुर्घटना हुई है तथा इस संपूर्ण घटना की जांच चल रही है ।