“हम किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या दबाव की नीति को सहन नहीं करेंगे ।” — एन. चंद्रशेखरन, अध्यक्ष, टाटा सन्स

  • नाशिक स्थित संस्थान में यौन उत्पीडन की घटना 

  • वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच प्रारम्भ होने की स्पष्ट जानकारी 

टाटा सन्स के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन

नाशिक — टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने यहां स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) संस्थान में सामने आए यौन उत्पीडन के आरोपों को गंभीर तथा चिंताजनक बताया । उन्होंने कहा, “इस घटना की जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है एवं दोषियों पर कडी कार्यवाही की जाएगी । टाटा समूह किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या दबाव को बिल्कुल भी सहन नहीं करेगा ।”

चंद्रशेखरन ने आगे कहा कि इस जांच का नेतृत्व संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुब्रामणियन कर रहे हैं । इसका उद्देश्य पूरी घटना की सच्चाई सामने लाना एवं उत्तरदायी व्यक्तियों की पहचान करना है । संस्थान ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया है । आरोपित कर्मचारियों के विरुद्ध कदम उठाए गए हैं तथा जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है ।

संस्थान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के उत्पीडन के प्रति उसकी “शून्य सहनशीलता” की नीति है । घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है ।