Bangladesh Hindu Murder : बांग्लादेश में हिन्दू व्यापारी की हत्या !

बांग्लादेश में हिन्दू असुरक्षित

हिन्दू व्यापारी सुसेन चंद्र सरकार

ढाका (बांग्लादेश) – बांग्लादेश के मैमेनसिंह जिले में ६२ वर्षीय हिन्दू व्यापारी सुसेन चंद्र सरकार की ९ फरवरी की रात अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई । इसी जिले में इससे पहले दीपू चंद्र दास नामक एक हिन्दू युवक की भी भीड द्वारा हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी ।

सुसेन चंद्र सरकार अनाज व्यापारी थे तथा डाकिनकांडा गांव में रहते थे । उनका ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ नाम से बोगरा बाजार चौक में दुकान थी । रात लगभग ११ बजे अज्ञात आक्रमणकारियों ने उन पर धारदार हथियार से आक्रमण किया । इसके बाद उन्हें दुकान के अंदर ही बंद कर शटर गिरा दिया गया । जब परिवार के लोग उनकी तलाश में दुकान पहुंचे, तो वे रक्तरंजित अवस्था में मिले ।

१७ हिन्दुओं की हत्या 

१२ फरवरी को बांग्लादेश में संसद के लिए आम चुनाव होने हैं । इस पृष्ठभूमि में हिन्दुओं की हत्याएं की जा रही हैं, ऐसा आरोप कुछ हिन्दू संगठनों द्वारा लगाया गया है । दिसंबर २०२५ से जनवरी २०२६ के बीच १७ हिन्दुओं की हत्या की गई है । वर्ष २०२२ की जनगणना के अनुसार बांग्लादेश में हिन्दुओं की जनसंख्या लगभग ८ प्रतिशत है ।