तीन तलाक तथा ‘बहुपत्नीत्व’ के विषय पर विधानसभा में भारी कोलाहल

मुसलमानों से संबंध जोडे जाने के विषय पर विधायक सना मलिक का आक्रोश !

मुंबई, २३ जून (वार्ता.) – भाजपा की नाशिक से विधायक श्रीमती देवयानी फरांदे ने ‘राज्य में तीन तलाक तथा बहुपत्नीत्व के प्रकरणों में मुसलमान महिलाओं पर हो रहे अन्याय के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो’, इस विषय पर ध्यानाकर्षण सूचना विधानसभा में प्रस्तुत की । इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) की विधायक सना मलिक ने कहा, “तीन तलाक एवं बहुपत्नीत्व की पीडा केवल मुसलमान महिलाओं को ही नहीं, अपितु अन्य धर्मों की महिलाओं को भी हो रही है ।” इस पर महायुति के विधायकों ने आक्रामक रूप अपनाया, वहीं कांग्रेस तथा शरद पवार गुट के विधायकों ने सना मलिक के वक्तव्य का समर्थन करते हुए उन्हें बोलने का अवसर देने की मांग की । इस कारण सदन में भारी कोलाहल की स्थिति उत्पन्न हो गई ।

१. ध्यानाकर्षण सूचना के अंतर्गत विधायक श्रीमती देवयानी फरांदे ने नाशिक की शबाना शबुद्दीन खान नामक महिला को तलाक देने के लिए उसके पति द्वारा प्राण से मारने की धमकी दिए जाने का उल्लेख किया ।

२. उन्होंने प्रश्न किया कि ‘पाकिस्तान जैसे इस्लामिक राष्ट्र में जब बहुपत्नीत्व पर प्रतिबंध है, तो भारत में ऐसे कृत्य कैसे चल रहे हैं ?’ इस पर सना मलिक ने कहा, “पाकिस्तान ने कुरान में जो कहा गया है, उसके अनुसार कार्रवाई की है । भारत में भी कुरान के अनुसार ही कार्रवाई की जानी चाहिए ।”

३. इस पर भाजपा विधायक अतुल भातखळकर ने कहा, “सदन में कुरान के विषय में ज्ञान देने की आवश्यकता नहीं है । यह देश संविधान के अनुसार चलता है ।” भाजपा के मंत्री नितेश राणे ने कडे शब्दों में कहा कि ‘यदि कुरान के अनुसार ही चलना है, तो पाकिस्तान चले जाइए’ ।

तीन तलाक के विषय में पंजीकृत हुए अपराध मुसलमानों से ही संबंधित !

वर्ष २०२४ में महाराष्ट्र में तीन तलाक के प्रकरण में ४२ अपराध पंजीकृत हुए । इन सभी प्रकरणों में सत्यता पाई गई । इनमें १५२ व्यक्तियों को बंदी बनाया गया । वर्ष २०२५ में तीन तलाक के ३९ अपराध पंजीकृत हुए तथा इस प्रकरण में ९५ व्यक्तियों को बंदी बनाया गया । ‘तीन तलाक के अपराध अन्य धर्मों में नहीं हुए हैं’, ऐसा योगेश कदम ने उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि पंजीकृत हुए समस्त अपराध मुसलमानों से ही संबंधित हैं ।

महिलाओं पर होने वाले अत्याचार की कार्रवाई को धर्म से न जोडें ! – विधायक सुधीर मुनगंटीवार, भाजपा

विधायक सुधीर मुनगंटीवार

छत्रपती शिवाजी महाराज ने सभी धर्मों की स्त्रियों का आदर करने की शिक्षा दी है । अतः महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों के विरुद्ध होने वाली कार्रवाई को धर्म से न जोडें । महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को धर्म से जोडने वाले सना मलिक के वक्तव्य को सदन की कार्रवाई से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए । यदि हिन्दू धर्म में भी महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हों, तो भी दंड मिलना ही चाहिए, ऐसा उल्लेख करते हुए विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने सना मलिक के वक्तव्य की तीव्र भर्त्सना की ।

चर्चा के अंत में गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने कहा, “हम किसी भी धर्म से द्वेष नहीं करते । छत्रपती शिवाजी महाराज ने हमें सभी धर्मों का आदर करने की शिक्षा दी है ।”