Modi-Putin meeting SCO : मोदी एवं पुतिन की कार में ४५ मिनिट की गुप्त चर्चा !

डॉलर पर अवलम्बन कम करने के लिये कार्य करने पर उभय देशों की सार्वजनिक स्वीकृति !

नरेंद्र मोदी एवं व्लादिमीर पुतिन

तियानजिन (चीन) – यहां चल रही २ दिन की शांघाय सहयोग संगठन की शिखर परिषद के पश्चात भारत–रूस की द्विपक्षीय वार्ता आयोजित की गई थी । इसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के वाहन से साथ ही निकले । इस छायाचित्र ने जग का ध्यान आकर्षित किया है । इसका कारण यह कि अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारत द्वारा रूस का तेल खरीदने पर भारत पर ५० प्रतिशत आयात कर लगाया है । समाचार माध्यमों से प्राप्त सूचना के अनुसार मोदी एवं पुतिन ने वाहन में बैठकर अनुमानतः ४५ मिनिट गोपनीय संवाद किया है । वाहन की इस चर्चा का छायाचित्र स्वयं मोदी ने ‘एक्स’ पर प्रकाशित किया है ।

एक अंतरराष्ट्रीय समाचार माध्यम द्वारा दी हुई सूचना के अनुसार पुतिन स्वयं प्रधानमंत्री मोदी के आने की अनुमानतः १० मिनिट प्रतीक्षा कर रहे थे । नियत स्थान पर पहुंचने के पश्चात भी वे बहुत समय तक वाहन में ही संवाद करते रहे । उभय नेताओं ने इस व्यवहार से ट्रम्प को स्पष्ट शब्दों में एक कठोर संदेश दिया है ।

भारत एवं चीन के मध्य बढते निकटता–प्रयासों की पुतिन द्वारा उन्मुक्त प्रशंसा !

१. वाहन में हुए संवाद के अतिरिक्त मोदी एवं पुतिन की द्विपक्षीय बैठक भी हुई ।

२. इसमें उभय देशों ने व्यापार, उर्वरक, ऊर्जा, संस्कृति और संरक्षण सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की । इसमें विशेषतः डॉलर पर अवलम्बन कम करने के लिये रुपया–रूबल व्यापार प्रणाली सुगम करने हेतु कार्य करने पर स्वीकृति दी गई ।

३. पुतिन इस अवसर पर बोले कि युक्रेन युद्ध जैसी समस्याओं का समाधान करने में भारत तथा चीन जैसे एशियाई देश महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं । उन्होंने भारत एवं चीन के मध्य निकटता बढ़ाने के लिये हो रहे प्रयासों की उन्मुक्त प्रशंसा भी की ।

४. प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर प्रकाशित टिप्पणी में इस बैठक के विषय में कहा कि हमने स्थानीय एवं वैश्विक समस्याओं के विषय में विचारों का आदान–प्रदान किया । इसमें युक्रेन की समस्या का भी शांतीपूर्वक समाधान निकालने पर बल दिया गया । हमारी रणनीतिक और विशेष भागीदारी स्थानीय तथा वैश्विक स्थैर्य के लिये अत्यंत आवश्यक है ।

रूस–भारत–चीन (‘रिच’ राष्ट्र) के राष्ट्रप्रमुखों की सौहार्दपूर्ण भेंट की छायाचित्र वैश्विक चर्चा का विषय !

पुतिन, मोदी तथा जिनपिंग

अमेरिका  का भारत पर आयात कर का कहर तथा रूस पर युक्रेन युद्ध के कारण बने तनाव को देखते हुए इस वर्ष की ‘शांघाय सहयोग संगठन’ की शिखर बैठक एक महत्त्वपूर्ण कारण से चर्चित हुई है । वह है रूस, भारत एवं चीन इन देशों (‘रिच’ राष्ट्रों) के राष्ट्रप्रमुखों की सौहार्दपूर्ण भेंट की छायाचित्र ! स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वे छायाचित्र ‘एक्स’ पर प्रकाशित किये हैं । इनमें मोदी, पुतिन तथा चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग अत्यंत आत्मीयता से एक–दूसरे से संवाद करते एवं विनोद करते हुए दृष्टिगोचर हो रहे हैं ।

इस सब में संगठन के सदस्य देश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ किंतु इन सब बातों से अकेले पडे हुए दृष्टिगोचर हुए । एक अवसर पर मोदी एवं पुतिन दोनों वार्ता करते हुए आगे बढ रहे थे, उस समय शरीफ उन्हें नेत्रों के कोनों से देख रहे थे, ऐसा सामने आया । इन सभी बातों से विशेषतः अमेरिका को अंतर्मुख होने पर विवश करने की चर्चा भी चल रही है ।