International Education City : नवी मुंबई में बनेगी ‘अंतरराष्ट्रीय एजुकेशन सिटी’; ५ देशों के विश्वविद्यालयों की होगी स्थापना !

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी परियोजना ‘मुंबई रायज़िंग – क्रिएटिंग एन इंटरनेशनल एजुकेशन सिटी’ के अंतर्गत नवी मुंबई में एक अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक शहर (International Education City) की स्थापना की जा रही है ।

इस पहल के अंतर्गत ५ अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय —

१ . एबर्डीन विश्वविद्यालय (Aberdeen University)

२. यॉर्क विश्वविद्यालय (York University)

३. वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय (University of Western Australia)

४. इलिनॉय इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Illinois Institute of Technology)

५. इस्तितुतो यूरोपियो दी डिज़ाइन (Istituto Europeo di Design)

को महाराष्ट्र में अपने कैंपस खोलने के लिए राज्य सरकार की ओर से औपचारिक आशय पत्र (इरादापत्र) (Letter of Intent) प्रदान किए गए हैं ।

ये आशय पत्र (इरादापत्र) १४ जून को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के हाथों इन विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों को सौंपे गए । इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, और उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल भी उपस्थित थे ।

इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य है :

  • भारत में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदान करना,
  • विदेशी विश्वविद्यालयों को महाराष्ट्र में अपने कैंपस स्थापित करने का अवसर देना ।

यह एजुकेशन सिटी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से केवल ५ किलोमीटर की दूरी पर विकसित की जाएगी, जिसमें कुल १० प्रमुख विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस स्थापित किए जाएंगे । यह भारत की पहली ऐसी एजुकेशन सिटी होगी जो पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय स्वरूप की होगी ।

इस परियोजना का विकास महाराष्ट्र सरकार के मार्गदर्शन में CIDCO (सिडको) द्वारा किया जाएगा । इससे भारतीय विद्यार्थियों को अपने ही देश में वैश्विक मानकों पर आधारित शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा ।