श्रीराम मंदिर के उपरांत अब रामराज्य की स्थापना की शपथ लें ! – विश्वनाथ कुलकर्णी, हिन्दू जनजागृति समिति

उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए श्री. विश्वनाथ कुलकर्णी

प्रतापगढ (उत्तर प्रदेश) – श्रीराम मंदिर की स्थापना की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘नव युवा हिन्दू सर्व समाज सहयोग संगठन’ ने प्रतापगढ में ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद शोभायात्रा’ का आयोजन किया था । इस शोभायात्रा में प्रतापगढ के अनेक हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनों ने भाग लिया । इस शोभायात्रा में प्रमुख अतिथि के रूप में विधायक श्री. धीरज ओझा उपस्थित थे ।

प्रमुख वक्ता के रूप में हिन्दू जनजागृति समिति के उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य समन्वयक श्री. विश्वनाथ कुलकर्णी ने संबोधित करते हुए कहा, ‘‘रामायण की रचना करने से पूर्व ही भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की भविष्यवाणी की गई थी । उसी प्रकार अनेक संतों ने भविष्य में सनातन राष्ट्र-स्थापना की भविष्यवाणी की है । सनातन राष्ट्र-स्थापना हेतु हिन्दुओं के प्रभावशाली संगठन की आवश्यकता है; अतः प्रत्येक गांव में हिन्दू धर्मजागृति सभा का आयोजन होना चाहिए । भारत में श्रीराम मंदिर की स्थापना हुई है । अब हमें रामराज्य की स्थापना की शपथ लेनी होगी ।

उपस्थित जनसमुदाय

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने उनके ‘अस्पृश्य’ ग्रंथ में लिखा है कि उस समय केवल ८ से १० जातियों का ही अस्तित्व था; परंतु अंग्रेजों ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए तथा कांग्रेस ने स्वतंत्रता के उपरांत तुष्टीकरण नीति के लिए जातियों की संख्या बढाई । इसके लिए हम धर्मशिक्षावर्ग चलाकर हिन्दुओं को तोडने के प्रयास विफल कर सकते हैं ।’’