Silent Call Scam : ‘साइलेंट कॉल’ से सावधान रहने की साइबर एजेंसियों (यंत्रणा ) की चेतावनी

अज्ञात नंबरों से आने वाली ‘साइलेंट कॉल’ के माध्यम से हो सकती है साइबर धोखाधडी !

नई दिल्ली – किसी अज्ञात नंबर से फोन आना तथा कॉल उठाने के पश्चात‘हैलो’ कहने पर सामने वाले द्वारा तुरंत फोन काट देना, ऐसी घटनाएं अनेक लोगों के साथ होती रहती हैं । गृह मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि यह ‘साइलेंट कॉल’ फंसाने का एक प्रकार हो सकता है, इसलिए ऐसे फोनकॉल को हल्के में न लिया जाए ।

पुनः उस नंबर पर संपर्क न करें !

साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों से ऐसे कॉलों के संबंध में सतर्क रहने का आग्रह किया है । यदि कॉल उठाते ही वह कट जाए, तो संबंधित नंबर पर पुनः संपर्क न करें । यदि पुनः पुनः ऐसे कॉल प्राप्त हो रहे हों, तो उस नंबर को ‘ब्लॉक’ कर दें । साथ ही अज्ञात व्यक्तियों को अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी देने से बचें ।
दूरसंचार कंपनियों द्वारा संदिग्ध नंबरों के संबंध में दी जाने वाली चेतावनियों को गंभीरता से लेने का भी आग्रह किया गया है । यदि किसी प्रकार की ठगी का संदेह हो, तो नागरिक तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर १९३० पर शिकायत दर्ज कराएं, ऐसा भी गृह मंत्रालय ने कहा है ।

साइलेंट कॉल ठगी क्या है ?

गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत साइबर सुरक्षा संस्था के अनुसार, इस प्रकार की धोखाधडी में एक ही समय में हजारों मोबाइल नंबरों पर स्वचालित प्रणाली के माध्यम से संपर्क किया जाता हैं । इस संपर्कों का उद्देश्य बातचीत करना नहीं होता, बल्कि यह पता लगाना होता है कि संबंधित व्यक्ति ने फोन उठाया या नहीं तथा वह नंबर सक्रिय है या नहीं । जैसे ही कोई व्यक्ति कॉल उठाता है, धोखाधडी करने वालों को यह जानकारी मिल जाती है कि वह नंबर सक्रिय है । इसके पश्चात ऐसे नंबरों पर आर्थिक ठगी, नकली पुलिस कार्यवाही की धमकी, बैंक खाते की जानकारी मांगना, पुरस्कार अथवा लॉटरी के नाम पर जाल में फंसाना आदि प्रकार की धोखाधडी की जा सकती है ।