Pakistan Air Strike : पाकिस्तान के हमले में ११ बच्चों सहित १३ अफगान नागरिकों की मृत्यु – तालिबान

काबुल (अफगानिस्तान) – अफगानिस्तान के खोस्त, कुनार तथा पक्तिका इन तीन प्रांतों पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई आक्रमणों में १३ अफगान नागरिकों की मृत्यु हो गई है, ऐसी जानकारी अफगानिस्तान की सत्तारूढ तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने दी । मृतकों में ११ बच्चे सम्मिलित हैं, जबकि अन्य दो मृतकों में एक वृद्ध पुरुष एवं एक महिला सम्मिलित हैं, ऐसा भी तालिबान ने बताया । इस विषय पर पाकिस्तान ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है । पाकिस्तान के आक्रमण के उत्तर में अफगानिस्तान द्वारा पाकिस्तान की सीमा में उसके उत्तर में कार्यवाही किए जाने की बात भी कही जा रही है ।

पाकिस्तान लगातार यह आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान में होने वाले आतंकवादी आक्रमणों के लिए उत्तरदायी संगठनों, विशेष रूप से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अफगानिस्तान की तालिबान सरकार संरक्षण दे रही है । दूसरी ओर तालिबान ने पाकिस्तान के इस आरोप को लगातार निरस्त किया है । यही विषय दोनों देशों के बीच संघर्ष का प्रमुख कारण माना जाता है । इस संघर्ष में अब तक दोनों देशों के सैकडों नागरिक और सैनिक मारे जा चुके हैं ।