Racism In America : अमेरिकी व्यक्ति ने कहा, ‘मेरे देश से चले जाओ !’

अमेरिका में भारतीय दंपति के साथ घटी नस्लभेदी घटना

वॉशिंग्टन (अमेरिका) – सामाजिक माध्यमों पर अमेरिका का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है । इसमें एक भारतीय दंपति सडक पर घूम रही था । तभी एक व्यक्ति गाडी से आया तथा उसने उनसे पूछा, ‘क्या आप भारतीय हैं ?’ उस दंपति ने ‘ हां’ में उत्तर दिया ; किंतु यह सुनते ही उस व्यक्ति ने उन्हें अमेरिका छोडकर जाने के लिए कहा । यह घटना अमेरिका में वास्तव में कहां घटी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है ।

इस वीडियो में गाडी में बैठा व्यक्ति उस दंपति से आगे यह भी पूछता है, ‘भारत अच्छा है या अमेरिका ?’ इस पर दंपति में से पुरुष उत्तर देता है कि, ‘दोनों देशों में अच्छी एवं बुरी, दोनों प्रकार की बातें हैं । हमारा परिवार भारत में रहता है ।’ यह सुनकर वह व्यक्ति कहता है कि, ‘यदि भारत इतना अच्छा है, तो आप अमेरिका में क्या कर रहे हैं ?’

जब उस दंपति ने कहा, ‘हम यहां केवल घूमने आए हैं’, तब वह व्यक्ति आक्रामक स्वर में कहता है, ‘हमें तुम यहां (इस देश में) नहीं चाहिए । अपने घर वापस जाओ । मेरे देश से चले जाओ ।’ इस समय दंपति शांत रहा ।

संपादकीय भूमिका

क्या यह अमेरिका की सरकार को मान्य है ? इस विषय में सरकार को उत्तर देना चाहिए !