(और इनकी सुनिए…) “भारत को इतिहास के पन्नों में धकेल देंगे !” – Khawaja Asif

भारतीय सैन्य प्रमुख की चेतावनी पर पाकिस्तानी रक्षा मंत्री की खोखली धमकी

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ

इस्लामाबाद — भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा पाकिस्तान का इतिहास-भूगोल परिवर्तित कर देने की चेतावनी दिए जाने के उपरांत पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को खोखली धमकी दी है । आसिफ ने कहा कि यदि भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध फिर कोई दुस्साहस करने का प्रयास किया, तो उसे इतिहास के पन्नों में धकेल दिया जाएगा । भारत का भूगोल बदल दिया जाएगा । उन्होंने यह बयान एक समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में दिया । जनरल द्विवेदी ने कहा था कि पाकिस्तान को यह तय करना होगा कि उसे भूगोल का हिस्सा बने रहना है या इतिहास का । इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए आसिफ ने यह बयान दिया ।

१. आसिफ ने कहा कि इस प्रकार के बयान देकर भारतीय सेना प्रमुख अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा वापस पाने का प्रयास कर रहे हैं ।

२. आसिफ ने कहा कि भारत के अब बांग्लादेश, नेपाल एवं श्रीलंका जैसे पडोसी देशों के साथ पहले जैसे संबंध नहीं रहे तथा भारत को विदेश नीति के मोर्चे पर संकोच का सामना करना पड रहा है । (जबकि पाकिस्तान को विश्व में कोई पूछता तक नहीं, तब इस प्रकार का बयान देना ही हास्यास्पद है ! — संपादक) उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल इस क्षेत्र में भारत के अतिरिक्त किसी अन्य देश को अधिक शक्तिशाली नहीं देखना चाहता ।

३. कुछ दिन पूर्व ही में सिंधु जल संधि पर स्थायी मध्यस्थता न्यायालय ने पाकिस्तान के पक्ष में निर्णय दिया है । आसिफ ने कहा कि इस संधि को एकतरफा स्थगित नहीं किया जा सकता तथा विवाद समाधान के लिए सशक्त व्यवस्था उपलब्ध है ।

संघ के सह-सरकार्यवाह होसबाले के बयान को लेकर भारत सरकार पर टिप्पणी

आसिफ ने दत्तात्रेय होसबाले के उस बयान पर भी टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने भारत एवं पाकिस्तान के बीच संवाद की संभावना खुली रखने की बात कही थी । आसिफ ने कहा कि भारत में सेना तथा नागरिक समाज (सिविल सोसायटी) की भूमिकाएं अलग-अलग हैं । भारत में सरकार के विरोध में आवाजें उठ रही हैं । (भारत की चिंता करने की अपेक्षा आसिफ को अपने समाज की बिगडती स्थिति सुधारने का प्रयास करना चाहिए ! — संपादक)

संपादकीय भूमिका

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से पहले भी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री एवं अन्य मंत्री इसी प्रकार की खोखली धमकियां दे रहे थे । अब भी वे वही कर रहे हैं । पाकिस्तान के २ टुकडे करके भारत ने उसका नक्शा परिवर्तित कर दिया था तथा आनेवाले कुछ वर्षों में पाकिस्तान के ५ टुकडे (बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा, पश्चिम पंजाब, सराइकीस्तान एवं गिलगित-बाल्टिस्तान) होकर पाकिस्तान नाम का देश ही शेष नहीं रहेगा, यह पाकिस्तान को ध्यान में रखना चाहिए !