Trump Dials PM Modi : ट्रम्प तथा प्रधानमंत्री मोदी के मध्य खाडी देशों की स्थिति पर ४० मिनट तक चर्चा !

नई दिल्ली – अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर खाडी देशों की स्थिति पर चर्चा की । इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के मार्ग को सुरक्षित रखने का महत्त्वपूर्ण विषय भी सम्मिलित था । युद्ध आरंभ होने के पश्चात ट्रम्प की मोदी से बातचीत का यह दूसरा अवसर है ।

हम सभी आपसे प्रेम करते हैं ! – ट्रम्प

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस बातचीत के बारे में जानकारी दी । गोर ने कहा कि भारत एवं अमेरिका द्वारा ऊर्जा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में शीघ्र ही बडे समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है । फोन पर हुई लगभग ४० मिनट की बातचीत में ट्रम्प ने मोदी को खाडी देशों की स्थिति से अवगत कराया । बातचीत के अंत में ट्रम्प ने मोदी से कहा, “मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सभी आपसे प्रेम करते हैं ।” (‘ट्रम्प का प्रेम एवं शत्रुता दोनों ही भारत को नहीं चाहिए’, ऐसा ही भारतीय कहेंगे; क्योंकि कहा जाता है कि ट्रम्प का शत्रु होने की तुलना में उनका मित्र होना अधिक संकटकारी होता है ! – संपादक)

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर चर्चा ! – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (X) पर कहा कि मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का फोन आया था । हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में प्राप्त की गई महत्त्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की । हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक दृढ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं । इस चर्चा में हमने खाडी की स्थिति पर भी चर्चा की, साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने तथा उसे सुरक्षित रखने पर भी बल दिया ।