Trump Netanyahu Dispute : लेबनान में हिज्बुल्लाह पर इजराइल आक्रमणों को लेकर ट्रंप एवं नेतन्याहू के बीच विवाद !

आक्रमणों के कारण अमेरिका-ईरान के मध्य संघर्ष-विराम समझौता समाप्त होने का भय

न्यूयॉर्क / जेरूसलम – अमेरिका तथा ईरान के मध्य संघर्ष-विराम समझौते के प्रयास चल रहे हैं । ऐसे में इजराइल ने लेबनान के दक्षिणी भाग में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर आक्रमण करने का आदेश अपनी सेना को दिया । इससे ‘संघर्ष-विराम का समझौता संकट में आ सकता है’, ऐसा समाचार ईरान के सरकारी चैनल ने दिया । समझौते के महत्वपूर्ण प्रतिबंधों में से एक प्रतिबंध यह है कि, इजराइल को लेबनान पर आक्रमण रोकना होगा । इसके कारण ट्रंप नेतन्याहू पर अत्यंत क्रोधित हुए हैं, ऐसा कहा जा रहा है । दोनों के मध्य शाब्दिक विवाद होने की सूचना एक अमेरिकी अधिकारी ने ‘एक्सिओस’ समाचार संस्था को दी ।

इस समाचार में ‘आप यह क्या कर रहे हैं ?’, ऐसा प्रश्न पूछते हुए ट्रंप नेतन्याहू पर चिल्लाए । साथ ही इजराइल के भ्रष्टाचार प्रकरण में अपने द्वारा समर्थन दिए जाने के कारण ही आप कारागार जाने से बचे हैं, इसका स्मरण भी ट्रंप ने इस समय कराया ।

इस समाचार के अनुसार ट्रंप ने यह भी कहा कि, आप पूर्णतः विक्षिप्त हैं । यदि मैं न होता, तो आप कारागार में होते । मैं आपकी रक्षा करता आया हूं । प्रत्येक व्यक्ति आपसे घृणा करता है । आपके कृत्यों के कारण अब प्रत्येक व्यक्ति इजराइल से भी द्वेष करने लगा है ।

नेतन्याहू ‘जैसे को तैसे’ की नीति पर दृढ !

ट्रंप की आपत्तियों पर नेतन्याहू ने अपना पक्ष प्रस्तुत किया । उन्होंने कहा कि, यदि हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर आक्रमण करना बंद नहीं किया, तो इस्रायल भी बेरूत के लक्ष्यों पर आक्रमण करेगा । हमारी नीति यथावत है ।