Weather Update : देश में कई स्थानों पर बिना मौसम के  बरसात, कुछ स्थानों पर हिमपात ।

  • राजस्थान और दिल्ली में बरसात , जबकि ओडिशा के पुरी में धुंध ।

  • ३ दिनों के बाद ‘वेस्टर्न डिस्टर्बन्स’ फिर से सक्रिय होगा ।

(‘वेस्टर्न डिस्टर्बन्स’ का अर्थ है भूमध्य सागर में उत्पन्न होने वाली , मानसून न होने वाली , अतिरिक्त-उष्णकटिबंधीय तूफानी प्रणाली , जिसके कारण उत्तर भारत में सर्दियों में बरसात तथा बर्फबारी होती है ।)


नई दिल्ली – राजधानी दिल्ली तथा राजस्थान राज्य के कई हिस्सों में २३ मार्च की सुबह बरसात हुई । दूसरी ओर ओडिशा के पुरी में घना कोहरा छाया हुआ था । इससे भगवान जगन्नाथ का मंदिर धुंध में ढक गया था । साथ ही उत्तराखंड के केदारनाथ में हिमपात के कारण ४ फुट तक बर्फ की परत जम गई । २२ अप्रैल से केदारनाथ धाम यात्रा प्रारम्भ  होगी ।

१. देश में लगातार आने वाले ‘वेस्टर्न डिस्टर्बन्स’ के कारण कई राज्यों के तापमान में गिरावट आई है । मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार २६ मार्च से एक ‘वेस्टर्न डिस्टर्बन्स’ सक्रिय होगा । उसके प्रभाव से तेज बरसात तथा तूफानी स्थिति बन सकती है, परन्तु  उत्तर-पश्चिम , मध्य तथा पूर्व भारत में अगले ५ दिनों में तापमान में ४ से ७ डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है ।

२. २४ मार्च के दिन जम्मू-कश्मीर , हिमाचल प्रदेश , उत्तराखंड में हल्की बरसात की संभावना रहेगी । ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है ।

३. उत्तर प्रदेश , हरियाणा , पंजाब , राजस्थान , बिहार , मध्य प्रदेश राज्यों में आसमान बादलों से घिरा रहेगा । कुछ स्थानों पर हल्की बरसात हो सकती है । महाराष्ट्र , गुजरात , केरल , कर्नाटक , तमिलनाडु , आंध्र प्रदेश राज्यों के कुछ स्थानों पर हल्की बर्षा हो सकती है । राज्य में उमस भरा मौसम बना रहेगा ।

४. २५ मार्च के दिन जम्मू-कश्मीर , हिमाचल प्रदेश , उत्तराखंड में मौसम साफ रहेगा ; लेकिन ठंड बनी रहने की संभावना है । उत्तर प्रदेश , हरियाणा , पंजाब , राजस्थान , बिहार , मध्य प्रदेश राज्यों के अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहेगा । तापमान में थोडी वृद्धि हो सकती है ।

५. महाराष्ट्र , गुजरात , केरल , कर्नाटक , तमिलनाडु तथा आंध्र प्रदेश राज्यों में मौसम सामान्य रहेगा,  परंतु कुछ स्थानों पर हल्की बरसात हो सकती है और उमस होने की संभावना हो सकती है ।