Operation Sindoor : ‘ऑपरेशन सिंदूर २’ के माध्यम से पाकिस्तान को कितनी क्षति होगी, यह हम अभी नहीं बता सकते !

भारतीय सेना की पश्चिमी कमान की पाकिस्तान को चेतावनी

लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर

पठानकोट (पंजाब) – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ निरंतर चल रहा है है । हमने पाकिस्तान को इस ऑपरेशन की केवल एक बहुत छोटी झलक दिखाई थी । मात्र ४ दिनों में ही उन्हें घुटने टेकने पर बाध्य कर दिया था । ‘ऑपरेशन सिंदूर २’ की तैयारी अत्यंत व्यापक स्तर पर की गई है । यह ऑपरेशन किस प्रकार से परिणाम तक पहुंचाया जाएगा, इसके संबंध में मैं अभी आपको नहीं बता सकता; क्योंकि यह इस पर निर्भर करेगा कि हमें शत्रु को कितनी क्षति पहुंचानी है । चाहे वह भूमि पर हो, समुद्र में हो या आकाश में,  हम उसे परिणाम तक पहुंचाने के लिए सदैव तैयार हैं, ऐसी जानकारी सेना की पश्चिमी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने यहां दी ।

हम पहले से अधिक श्रेष्ठ पद्धति से तैयार हैं ! – लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार

‘पश्चिमी कमान’ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने कहा कि सेना भविष्य की किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है एवं परमाणु शस्त्रों की धमकियों से डरनेवाली नहीं है । भविष्य के किसी भी संघर्ष का परिणाम भूमि पर ही निर्णायक होगा । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय पाकिस्तान ने एक ओर परमाणु शस्त्रों की धमकी दी एवं दूसरी ओर युद्ध विराम के लिए दयनीय प्रयास किए । पाकिस्तान ने कहा था कि यदि हमारा विनाश हुआ, तो हम आधे विश्व को साथ लेकर जाएंगे ।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय हमने उनकी परमाणु धमकियों की अनदेखी कर दी थी । इस बार हम पहले से अधिक श्रेष्ठ पद्धति से तैयार हैं एवं हमारे पास भविष्य के लिए स्पष्ट योजना है । हमारा नेतृत्व देश एवं जनता के हित के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि उनका नेतृत्व केवल सत्ता में बने रहने एवं अपना महत्व बनाए रखने के स्वार्थ से प्रेरित है । इसी कारण वे भारत के साथ युद्ध जैसी स्थिति को लंबा खींचना चाहते हैं । पाकिस्तान के पास भारत से आमने-सामने लडने का न तो साहस है एवं न ही शक्ति; फलस्वरूप वे छद्म युद्ध का आश्रय लेते हैं ।