#BoycottTurkeyAzerbaijan : वर्ष २०२५ में भी अजरबैजान एवं तुर्किये से भारतीय पर्यटकों ने मुंह मोडा !

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय पाकिस्तान का पक्ष लेने का परिणाम

नई दिल्ली — जून से दिसंबर २०२५ की अवधि में अजरबैजान जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में ६३ प्रतिशत एवं तुर्किये जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में ३४ प्रतिशत की गिरावट पंजीकृत की गई है । एक समाचार चैनल द्वारा जारी वार्षिक पर्यटन आंकडों के अनुसार, वर्ष २०२४ की तुलना में वर्ष २०२५ के अंतिम छह महीनों में यह कमी देखी गई है ।

भारत द्वारा पाकिस्तान-प्रायोजित जिहादी आतंकवाद के विरुद्ध किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय अजरबैजान एवं तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था । इसी कारण देशप्रेमी भारतीयों ने पर्यटन के दृष्टिकोण से अजरबैजान एव तुर्किये से दूरी बना ली है ।

१. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जून से दिसंबर २०२४ की अवधि में १ लाख ५३ सहस्र भारतीय पर्यटकों ने अजरबैजान की यात्रा की थी; परंतु जून से दिसंबर २०२५ की अवधि में यह संख्या घटकर लगभग ५७ सहस्र रह गई ।

२. जून से दिसंबर २०२४ में २ लाख ५ सहस्र भारतीय पर्यटकों ने तुर्किये की यात्रा की थी; परंतु जून से दिसंबर २०२५ में यह संख्या घटकर लगभग १ लाख ३५ सहस्र हो गई । जून २०२५ से प्रत्येक महीने तुर्किये एवं अजरबैजान जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में निरंतर गिरावट देखी गई है ।

३. अजरबैजान पर्यटन विभाग की जानकारी के अनुसार, भारत अजरबैजान को पर्यटक भेजने वाले शीर्ष ३ देशों में सम्मिलित था । वर्ष २०२४ में भारतीय पर्यटकों की संख्या २ लाख ४३ सहस्र ५८९ थी, जो वर्ष २०२३ के १ लाख १७ हजार ३०२ की तुलना में १०८ प्रतिशत अधिक थी; परंतु वर्ष २०२५ में स्थिति पूरी तरह परिवर्तित हो गई है ।

४. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय तुर्किये एवं अजरबैजान द्वारा पाकिस्तान को स्पष्ट रूप से सहायता दिए जाने की बात भी सामने आई है । पाकिस्तान ने भारत के विरुद्ध तुर्किये में बने ड्रोन का उपयोग किया था, साथ ही कूटनीतिक स्तर पर भी तुर्किये ने पाकिस्तान को स्पष्ट समर्थन दिया था । इसके पश्चात भारतीयों ने इन दोनों देशों के विरुद्ध बहिष्कार की मांग की थी ।