|

मुंबई, २१ दिसंबर (वार्ता.) – राज्य की २४४ नगर परिषदों तथा ४२ नगर पंचायतों के निर्वाचन में भी विधानसभा चुनाव की भांति महायुति ने निर्विवाद सफलता प्राप्त की है । २८८ में से कुल २१४ स्थानों पर महायुति के नगराध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं । इसमें भाजपा के १२०, शिवसेना के ५४, तथा अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ४० नगराध्यक्ष विजयी हुए ।
विपक्षी दलों में ठाकरे पक्ष के केवल ८, तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पक्ष के मात्र ७ नगराध्यक्ष निर्वाचित हुए । विपक्ष में कांग्रेस ३४ स्थानों पर अपने नगराध्यक्ष निर्वाचित करने में सफल रही । २५ स्थानों पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, शेतकरी कामगार पक्ष सहित निर्दलीय एवं अन्य स्थानीय दलों के नगराध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं । भाजपा ने विदर्भ में, तो शिवसेना ने कोंकण में सर्वाधिक स्थान जीते । चंद्रपुर जनपद के ९ में से ८ स्थानों पर कांग्रेस के नगराध्यक्ष विजयी हुए ।
२ दिसंबर एवं २० दिसंबर को हुए मतदान का एकत्रित परिणाम घोषित हुआ । स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में आरक्षण का सूत्र न्यायाधीन होने के कारण ये निर्वाचन प्रलंबित थे । वर्ष २०१७ में हुए नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों के सामान्य निर्वाचन के ८ वर्ष पश्चात महाराष्ट्र में ये चुनाव संपन्न हुए । अतः ये चुनाव अत्यंत ध्यानाकर्षक सिद्ध हुए । विशेष यह है कि महायुति तथा महाविकास आघाड़ी के घटक दलों ने ये चुनाव स्थानीय राजनीतिक स्थिति के अनुसार कहीं एक-दूसरे के विरुद्ध, तो कहीं परस्पर सहयोग से लड़े थे । आगामी महानगरपालिका चुनावों की पृष्ठभूमि में राज्य का यह चुनाव परिणाम अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है ।
नगर पंचायत तथा नगर परिषद में भेद !नगर पंचायत: यहां की सामान्य जनसंख्या १० से २५ सहस्र तक होती है । यह क्षेत्र अर्ध-शहरी स्वरूप का होता है । यहां विभागों एवं कर्मचारियों की संख्या न्यून होती है । यहां के प्रमुख मुख्याधिकारी होते हैं । कर-संग्रह एवं निधि तुलनात्मक रूप से अल्प होती है । नगर परिषद: यह स्थिर एवं लघु-मध्यम नगरों के लिए होती है । यहां की जनसंख्या २५ सहस्र से ३ लक्ष तक होती है । यहां के प्रमुख मुख्याधिकारी (श्रेणी १) होते हैं । यहां विभाग न्यून एवं कर्मचारियों की संख्या मध्यम होती है तथा कर-संग्रह एवं निधि नगर पंचायत की तुलना में अधिक होती है । |
भाजपा ने शतक, तो शिवसेना ने अर्धशतक पूर्ण किया ! – एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री
मुंबई – जिस प्रकार लोकसभा एवं विधानसभा में महायुति को प्रचंड विजय प्राप्त हुई, वैसी ही देदीप्यमान सफलता नगर परिषद एवं नगर पंचायत चुनावों में भी मिली है । ‘ऐसी ही सफलता आगामी महानगरपालिका चुनावों में भी मिलेगी’, ऐसा संकेत इस परिणाम से मिला है । इस निर्वाचन में भाजपा ने शतक, तो शिवसेना ने अर्धशतक पूर्ण किया है । शिवसेना का ‘सफलता दर’ (स्ट्राइक रेट) भी अतिशय उत्तम है । हमने न्यून स्थानों पर चुनाव लड़कर अधिक नगराध्यक्ष तथा नगरसेवक के पद जीते हैं, ऐसा मत राज्य के उपमुख्य मंत्री एकनाथ शिंदे ने व्यक्त किया । इस विजय के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों का अभिनंदन किया ।
उन्होंने यह भी कहा, “जो लोग इस चुनाव में घर पर बैठे रहे तथा जिन्होंने कार्यकर्ताओं को असहाय छोड़ दिया, उन लोगों को मतदाताओं ने घर बैठा दिया है ।”
महाराष्ट्र की जनता ने पुनः विश्वास दर्शाया ! – देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री
राज्य में ७५ प्रतिशत स्थानों पर महायुति के नगराध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं । राज्य में कुल निर्वाचित नगरसेवकों में ४८ प्रतिशत अर्थात ३ सहस्त्र ३०० भाजपा के नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं । भाजपा राज्य का सबसे बड़ा दल सिद्ध हुआ है । महाराष्ट्र सरकार के विकास के सूत्र पर जनता ने अपनी सम्मति की मुहर लगा दी है । चंद्रपुर में सुधीर मुनगंटीवार को कहां सहायता न्यून पड़ी, इसका हम अध्ययन करेंगे तथा आगामी महानगरपालिका चुनाव में चंद्रपुर महानगरपालिका पर हम विजय प्राप्त करेंगे ।
चंद्रपुर की असफलता पर सुधीर मुनगंटीवार ने व्यक्त किया असंतोष !
चंद्रपुर में पक्ष के नेतृत्व ने गुटबाजी के लिए पोषक वातावरण निर्मित किया । मुझसे अथवा जनपद अध्यक्ष से कोई चर्चा किए बिना अन्य लोगों को पक्ष में प्रवेश दिया गया । पक्ष को विचारपूर्वक निर्णय लेना चाहिए । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विरोध करने वालों को पक्ष नेतृत्व समीप ला रहा है । वर्ष २०१७ के चुनाव में चंद्रपुर महानगरपालिका में हमने उत्तम सफलता प्राप्त की थी । इस चुनाव में मुझे कोई विशेष उत्तरदायित्व नहीं दिया गया था, इस प्रकार सुधीर मुनगंटीवार ने पक्ष नेतृत्व के प्रति अपना असंतोष व्यक्त किया ।
मुंबई के जुहू समुद्र तट पर कचरे का साम्राज्य !
परात्पर गुरु डॉ. आठवलेजी अवतारी पुरुष हैं ! – जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्यजी
Waqf Board Scam : समाजवादी पार्टी के शासनकाल में ‘वक्फ बोर्ड’ की भूमि में अरबों रुपये का घोटाला ! — मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी
वर्ष २०२२-२३ में मुंबई के ४ सहस्र ६३ वृक्ष कंक्रीटीकरण (काँक्रिटीकरण) से मुक्त, परंतु अभी भी वे प्रकार निरंतर जारी
काशी, मथुरा तथा संभल के मंदिर-मस्जिद विवाद में सर्वोच्च न्यायालय के मध्यस्थता प्रस्ताव को दोनों पक्षों ने ठुकराया
Ram Mandir Donation Theft : श्रीराम मंदिर दान चोरी प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय का केंद्र तथा उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस