कोंढवा (जिला पुणे) में आतंकवादविरोधी दल की छापामारी : २ संदिग्ध हिरासत में !

देहली विस्फोट के साथ संदिग्धों के तार जुडे होने की पडताल का प्रयास !

पुणे – देहली के बमविस्फोट की घटना के उपरांत महाराष्ट्र का आतंकवादविरोधी दल सतर्क हुआ है । आतंकवादविरोधी दल ने ११ नवंबर को यहां के कोंढवा परिसर में छापामारी कर कार्रवाई की । इस कार्रवाई में २ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है । इन दोनों की पहचान गुप्त रखी गई है तथा जांच चल रही है । वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र आतंकवादविरोधी दल देहली में हुए बमविस्फोट तथा जम्मू-कश्मीर एवं फरिदाबाद में विस्फोटों का बडा भंडार मिलने के संबंध में क्या इनके तार महाराष्ट्र में जुडे हो सकते हैं, इसकी जांच कर रही है ।

देश के विभिन्न शहरों में बमविस्फोट कराने के षड्यंत्र में पुणे से बंदी बनाए गए संगणक अभियंता जुबेर हंगरगेकर से संबंधित जानकारी प्राप्त करने हेतु आतंकवादविरोधी दल ने कोंढवा में पुनः छापामारी की । आतंकवाद विरोधी दल ने कुछ ही दिन पूर्व कोंढवा परिसर से जुबेर हंगरगेकर को बंदी बनाया था । जुबेर का पाकिस्तान के आतंकी संगठन अल् कायदा से संबंधित होने का संदेह है । आतंकवादविरोधी दल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि देहली बमविस्फोट के साथ कोई संबंध नहीं है ।