हम आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ खडे हैं !

इटली के ‘इटालियन हिन्दू यूनियन’ संगठन की घोषणा 

‘इटालियन हिंदू यूनियन’ के अध्यक्ष फ्रैंको दी मारिया जयेंद्रनाथ (फोटो सौजन्य : ANI)

रोम (इटली) – भारत में हुए आतंकवादी आक्रमण का हम निषेध करते हैं । हम आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ खडे हैं । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की हम प्रशंसा करते हैं । आतंकवाद के विरुद्ध लडना तथा अपने नागरिकों को सुरक्षित रखना, यह प्रत्येक देश की सरकार एवं सेना का कर्तव्य है, ऐसा वक्तव्य इटली के ‘इटालियन हिन्दू यूनियन’ के अध्यक्ष फ्रेंको दी मारिया जयेंद्रनाथ ने ए.एन.आई. (एशियन न्यूज इंटरनेशनल) समाचार एजेंसी से बात करते हुए किया । आतंकवाद विरोधी अभियान की जानकारी देने के लिए भारत का एक प्रतिनिधिमंडल रोम पहुंचा है । उसका स्वागत इटालियन हिन्दू यूनियन ने किया । उस समय जयेंद्रनाथ ने समाचार एजेंसी से यह बात कही ।

 

हिन्दू धर्म को मान्यता देनेवाला इटली यूरोप का एकमात्र देश !

जयेंद्रनाथ ने आगे कहा कि, इटली में हिन्दू मान्यताप्राप्त धर्म है । हम इटली के २ लाख से अधिक हिन्दुओं ने इटली की सरकार के साथ समझौता किया है । इस समझौते के कारण हम देश में अपनी धार्मिक गतिविधियां कर सकते हैं । हम अपने धर्म को आर्थिक सहायता कर सकते हैं । जिस प्रकार अन्य धर्मों के लोग अपने धर्म के लिए दान-धर्म करते हैं अथवा कर (राजस्व) भरते हैं, वैसे ही हम भी अपने धर्म के लिए योगदान दे सकते हैं । हिन्दू धर्म को इस प्रकार की पहचान तथा मान्यता देनेवाला इटली यूरोप का एकमात्र देश है ।