खामेनेई के अंतिम संस्कार के समय आक्रमण करने पर गंभीर परिणाम भुगतने पडेंगे ! – Iran

ईरान की अमेरिका एवं इजरायल को चेतावनी

तेहरान (ईरान) – ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के समय किसी भी प्रकार का आक्रमण करने पर उसके अत्यंत गंभीर एवं भयानक परिणाम होंगे, ऐसी चेतावनी ईरान ने अमेरिका एवं इजरायल को दी है । इन दोनों द्वारा २८ फरवरी को किए गए आक्रमण में खामेनेई की मृत्यु हो गई थी । तब से उनके मृतदेह का अंतिम संस्कार नहीं किया गया था । अब लगभग ४ महीने पश्चात खामेनेई का ९ जुलाई को सरकारी सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा । ४ जुलाई से तेहरान से अंतिम यात्रा आरंभ होगी । खामेनेई के मूल गांव मशहद में उनके मृतदेह को दफनाया जाएगा । इस अवधि में ईरान के पडोसी देशों में शोकसभाओं एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है । इस समय २ करोड लोगों के सहभागी होने की संभावना व्यक्त की गई है ।

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के समर्थक लॉरा लूमर ने सामाजिक माध्यमों में कहा, ‘खामेनेई के मृतदेह के अंतिम संस्कार का अवसर इजरायल के लिए बम आक्रमण करने का बडा अवसर है ।’ इसके बाद ईरान के खाताम अल-अंबिया सेंट्रल मुख्यालय के कमांडर अली अब्दुल्ला ने सरकारी माध्यमों के द्वारा एक पत्रक प्रकाशित किया है । इसमें उन्होंने अमेरिका एवं इजरायल को चेतावनी दी कि वे कोई भी अनुचित कदम न उठाएं । हमारे देश पर कोई भी आक्रमण होने पर हमारे सशस्त्र बल कितना भीषण प्रत्युत्तर दे सकते हैं, इसका उन्होंने विचार करना चाहिए ।

इससे पूर्व ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा था कि ईरान की जनता अथवा नेतृत्व पर आक्रमण करने का प्रयास होने पर उसका तत्काल एवं करारा उत्तर दिया जाएगा ।