आनेवाले समय में महाराष्ट्र बनेगा ‘डेटा सेंटर हब’ ! – मुख्यमंत्री

दावोस के वैश्विक आर्थिक परिषद में हुआ समझौता

(‘डेटा सेंटर हब’ अर्थात् संगणकीय सेवाओं का मुख्य केंद्र)

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई – स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित ‘वैश्विक आर्थिक परिषद’ में हुए समझौते के अनुक्रम में राज्य के औद्योगिक, आधारभूत संरचना, शैक्षणिक, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी तथा सतत विकास से संबंधित परियोजनाओं को गति प्रदान करने हेतु भूमि आवंटन, अनुमति एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को निश्चित समयसीमा में पूर्ण किया जाए । राज्य के समझौता ज्ञापनों के अनुक्रम में परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर दृष्टि रखने हेतु महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामण्डल, उद्योग निदेशालय एवं मंत्रालय के १० प्रमुख अधिकारियों को ‘प्रत्येक १० परियोजनाएं समय पर पूर्ण हों’, इसका उत्तरदायित्व प्रदान किया जाएगा । आगामी समय में महाराष्ट्र ‘डेटा सेंटर हब’ बनेगा, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा । सह्याद्री अतिथि गृह में मुख्यमंत्री ने दावोस में हुए ‘वैश्विक आर्थिक परिषद’ के समझौता ज्ञापनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की । उस समय वे बोल रहे थे ।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नवी मुंबई राज्य के प्रमुख डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है । महापे एवं समीपवर्ती क्षेत्रों में बडी परियोजनाएं प्रारंभ हो रही हैं । खालापुर को तृतीय महत्वपूर्ण डेटा सेंटर ‘क्लस्टर’ के रूप में विकसित करने की योजना चल रही है । पनवेल क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ करने पर बल दिया जा रहा है ।’’