गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए, देशभर में गौहत्या एवं गाय की कुर्बानी पर प्रतिबंध लगाया जाए !

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री मोदी एवं सभी मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर की मांग

राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी

मुजफ्फरपुर (बिहार) — राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इस्लामी विचारक हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने तथा देशभर में गौहत्या एवं गाय की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है ।

गाय भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार

हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने कहा, “गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, अपितु भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था एवं पर्यावरण संरक्षण का जीवंत प्रतीक है । करोडों लोगों की भावनाएं गाय से जुडी हुई हैं तथा गोसंरक्षण भारतीय समाज की सांस्कृतिक पहचान से संबंधित विषय है ।” पत्र में उन्होंने भारतीय संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों का उल्लेख करते हुए अनुच्छेद ४८ का उल्लेख किया है, जिसमें गोवंश संरक्षण की बात कही गई है ।

यह मांग किसी धर्म के विरोध में नहीं है !

सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि उनकी गौहत्या बंदी की मांग किसी विशेष धर्म या समुदाय के विरोध में नहीं है । (कितने मुस्लिम नेता सिद्दीकी के इस बयान का सार्वजनिक समर्थन करेंगे ? — संपादक) भारत का मुस्लिम समाज हमेशा से शांति, भाईचारे एवं परस्पर सम्मान का समर्थक रहा है । मेरा उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, पशु संरक्षण एवं राष्ट्रीय एकता को दृढ करना है । संवेदनशील सूत्रों पर संघर्ष नहीं, अपितु संवाद एवं संतुलन की आवश्यकता है ।

केंद्र सरकार से की गई मांगें !

१. गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने पर गंभीरता से विचार किया जाए ।

२. राष्ट्रीय स्तर पर गोसंरक्षण आयोग की स्थापना की जाए ।

३. सभी धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद कर राष्ट्रीय सहमति बनाई जाए ।

संपादकीय भूमिका

  • क्या यह बात सरकारों को बतानी पड रही है ?
  • चूंकि यह बयान एक राष्ट्रीय मुस्लिम संगठन के अध्यक्ष ने दिया है, इसलिए मुस्लिम तुष्टीकरण करनेवाली हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक आदि कांग्रेस शासित सरकारें क्या अपने राज्यों में इस पर कार्रवाई करेंगी ?