Drones On Military Base : वॉशिंग्टन (अमेरिका) स्थित सैन्य अड्डे के ऊपर उडता हुआ संदिग्ध ड्रोन देखा गया

  • सैन्य अड्डे पर निवास कर रहे हैं रक्षा एवं विदेश मंत्री

  • वाइट हाउस में हुई आपात बैठक

वॉशिंग्टन (अमेरिका) – अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो एवं रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ जहां रह रहे हैं, उस सैन्य अड्डे के ऊपर एक संदिग्ध ड्रोन उडता हुआ देखा गया । इस ड्रोन की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है एवं यह कहां से आया, यह भी स्पष्ट नहीं है ।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अमेरिका एवं इजराइल द्वारा ईरान पर संभावित आक्रमणों की पृष्ठभूमि में यहां पहले से ही सुरक्षा बढा दी गई है । रात में फोर्ट लेस्ली मैकनेयर अड्डे के ऊपर कई ड्रोन दिखाई दिए, जिसके पश्चात सुरक्षा और बढा दी गई तथा इस विषय पर वाइट हाउस में तत्काल बैठक भी की गई । अधिकारियों ने यह भी विचार किया कि क्या रुबियो तथा हेगसेथ को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए; यद्यपि अभी तक उन्हें वहां से नहीं हटाया गया है ।

विश्वभर में अमेरिकी दूतावासों के लिए चेतावनी

इस घटना के उपरांत अमेरिका ने विश्वभर में अपने दूतावासों के लिए चेतावनी जारी की है तथा देश के कई सैन्य अड्डों पर भी सुरक्षा बढा दी गई है ।

पिछले वर्ष अक्टूबर में अनेकों माध्यमों में रक्षा मंत्री एवं विदेश मंत्री के वहां रहने की जानकारी सार्वजनिक हुई थी । सामान्यतः इतने उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों के निवास स्थान की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती, क्योंकि इससे उनकी सुरक्षा को संकट हो सकता है । ट्रम्प सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा कारणों से सामान्य सरकारी आवासों की अपेक्षा सैन्य अड्डों पर स्थानांतरित हो रहे हैं ।