Israel Iran War : युद्ध रोकना आक्रमणकारियों के हाथ में ! – ईरान

  • हम आक्रमण बंद नहीं करेंगे ! – इजरायल का जवाब

  • ओमान में व्यापारी पोत पर ईरान के आक्रमण में 3 भारतीयों की मृत्यु

तेहरान में हमले के बाद ध्वस्त हुई इमारत (छायाचित्र सौजन्य: Majid Asgaripour/WANA/REUTERS)

तेहरान (ईरान) – अमेरिका एवं इजरायल की ओर से ईरान पर तथा ईरान की ओर से सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, कतर, ओमान, जॉर्डन एवं बहरीन जैसे देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों तथा नागरिक आवासीय क्षेत्रों पर आक्रमण किए जा रहे हैं । ईरान के लिए लडने वाले आतंकवादी संगठन भी अमेरिकी दूतावासों एवं कार्यालयों पर आक्रमण कर रहे हैं । इजरायल द्वारा लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर आक्रमण चौथे दिन भी किए जा रहे हैं । यह युद्ध अभी अनेक दिनों तक चल सकता है, ऐसे संकेत मिल रहे हैं । इसी बीच ईरान ने कहा है कि “युद्ध रोकना आक्रमणकारियों के हाथ में है”, जबकि इजरायल ने स्पष्ट किया है कि “हम आक्रमण रोकने का प्रयास नहीं कर रहे हैं ।”

इसी समय ओमान की समुद्री सीमा में ईरान द्वारा किए गए आक्रमण के कारण २ व्यापारी पोतों में आग लगने की घटनाओं में कम से कम ३ भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो गई, जबकि २० से अधिक लोग घायल हुए हैं । ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से राहत कार्य जारी है ।

‘एम.के.डी. व्योम’ नामक तेल टैंकर

भारतीय दूतावास के अनुसार, ‘मार्शल आइलैंड्स’ के ध्वज वाले ‘एम.के.डी. व्योम’ नामक तेल टैंकर पर आक्रमण हुआ एवं उसमें आग लग गई । यह पोत मस्कट से लगभग ५२ नॉटिकल मील की दूरी पर था । इस पर कार्यरत ३ भारतीय कर्मचारियों की मृत्यु हो गई । पोत पर उपस्थित २१ कर्मचारियों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनमें १६ भारतीय, ४ बांग्लादेशी एवं १ यूक्रेनी नागरिक सम्मिलित हैं ।

मुख्य घटनाक्रम

  • ईरान के आक्रमण के उपरांत सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास बंद 
  • अमेरिकी सेना की घोषणा – ईरानी सेना की कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली नष्ट की 
  • ईरान के कम से कम ७८७ नागरिक मारे गए, ९०० से अधिक घायल 
  • अमेरिका के ४ सैनिकों की मृत्यु 
  • भारतीयों को वापस लाने की प्रक्रिया प्रारंभ

२ मार्च की देर रात संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी से भारतीयों को लेकर ४ विमान दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु एवं चेन्नई पहुंचे । सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई एवं हैदराबाद के लिए १० विशेष विमान उडान भरेंगे, जो वहां से भारतीयों को वापस लाएंगे । इसके अतिरिक्त संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से भी भारतीयों को विमान द्वारा लाया जाएगा ।

भारत रूस से ५ ‘एस-४०० सुदर्शन’ रक्षा प्रणाली क्रय करेगा

‘एस-४०० सुदर्शन’ रक्षा प्रणाली

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय ‘एस-४०० ’ वायु रक्षा प्रणाली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी एवं पाकिस्तान के ५-६ लडाकू विमानों तथा एक गुप्तचरी करने वाले विमान को ३०० किलोमीटर से अधिक दूरी पर मार गिराया था । अब भारत रूस से ५ और ‘एस-४०० सुदर्शन’ वायु रक्षा प्रणाली क्रय करेगा । रक्षा मंत्रालय शीघ्र ही इस प्रस्ताव को अनुमति के लिए आगे बढाएगा । यह प्रणाली चीन एवं पाकिस्तान दोनों मोर्चों पर तैनात की जाएगी ।

ईरान के पास ११ परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त यूरेनियम !

अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने उजागर किया कि ईरान के मुख्य वार्ताकार ने प्रथम चरण की चर्चा में मान्य किया था कि उनके पास ४६० किलोग्राम ६० प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम है । इस भंडार से ११ परमाणु बम बनाए जा सकते हैं ।

दुबई में ऑस्ट्रेलियाई वायुसेना के ठिकाने पर आक्रमण

ईरान ने दुबई स्थित ऑस्ट्रेलियाई वायुसेना के ठिकाने को लक्ष्य बनाया । ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने इसकी जानकारी दी । संघर्ष की प्रथम रात्रि में ही अल मिन्हाद वायुसेना ठिकाने पर आक्रमण किया गया । वहां तैनात सभी ऑस्ट्रेलियाई सैनिक सुरक्षित हैं । मध्य-पूर्व में ऑस्ट्रेलिया के लगभग १०० सैनिक तैनात हैं, जिनमें अधिकांश संयुक्त अरब अमीरात में हैं ।

बहरीन में शिया समर्थकों की हिंसा, अमेरिकी ठिकाने पर आक्रमण

ईरानी सेना ने बहरीन के शेख ईसा क्षेत्र में अमेरिकी वायुसेना ठिकाने पर बडा आक्रमण किया । इसमें २० ड्रोन एवं ३ क्षेपणास्त्रों का उपयोग किया गया । अमेरिकी कमांड एवं मुख्यालय भवन को लक्ष्य बनाने का समाचार दिया गया । एक ईंधन टैंकर में आग लग गई । बहरीन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है । बहरीन की सडकों पर हिंसा जारी है एवं शिया समर्थकों द्वारा बड़े परिमाण पर तोडफोड की जा रही है । सऊदी अरब द्वारा सहायता के लिए सुरक्षा बल भेजे जाने की घोषणा की जा रही है ।

लाहौर में अमेरिकी दूतावास पर आक्रमण

घटनास्थल

दो दिन पूर्व कराची में अमेरिकी दूतावास पर स्थानीय मुस्लिमों ने आक्रमण कर आग लगा दी थी । उस समय अमेरिकी सैनिकों की गोलीबारी में २३ लोग मारे गए थे । अब पाकिस्तान के लाहौर में भी स्थानीय मुस्लिमों ने अमेरिकी दूतावास पर बड़े परिमाण पर पथराव किया एवं परिसर में आग लगा दी ।

अमेरिका लंबे समय तक युद्ध लड सकता है ! – ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के विरुद्ध युद्ध लंबे समय तक चल सकता है । अमेरिकी सेना के पास पर्याप्त शस्त्र हैं एवं हम विजय के लिए तैयार हैं ।

चीन का ईरान को स्पष्ट समर्थन

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अघारची से भ्रमणभाष पर चर्चा की । चीन ने कहा कि वह ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता एवं राष्ट्रीय गरिमा की रक्षा के प्रयासों का पूरा समर्थन करता है ।

हमारे पडोसी इस्लामी देशों से कोई शत्रुता नहीं ! – ईरानी सेना

ईरान की ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ ने स्पष्ट किया कि हमारे पडोसी इस्लामी देशों से हमारी कोई शत्रुता नहीं है । हमारा लक्ष्य केवल अमेरिका एवं इजरायल हैं । हम केवल उनके सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बना रहे हैं । यद्यपि ईरानी सेना द्वारा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, कतर, ओमान, जॉर्डन एवं बहरीन में स्थित अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ नागरिक आवासीय क्षेत्रों पर भी निरंतर आक्रमण किए जा रहे हैं ।