Russia-Ukraine War : प्रधानमंत्री मोदी के कारण रूस ने यूक्रेन पर परमाणु आक्रमण नहीं किया !

  • पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्टोशेव्स्की का वक्तव्य

  • पोलैंड भारत को एक उत्तरदायी वैश्विक शक्ति के रूप में देखता है !

वौर्सो (पोलैंड) – रूस-यूक्रेन युद्ध के कालखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हस्तक्षेप कर स्थिति को अधिक गंभीर होने से रोका । वर्ष २०२२ के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से प्रत्यक्ष चर्चा की थी । इस चर्चा में यूक्रेन में परमाणु अस्त्रों के प्रयोग को टालने हेतु मोदी ने रूस को पीछे हटने के लिए तैयार किया था । पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्टोशेव्स्की ने मत व्यक्त किया कि यह प्रधानमंत्री मोदी की सकारात्मक तथा उत्तरदायी वैश्विक भूमिका का उदाहरण है । वे एक भारतीय समाचार संस्था को दिए गए साक्षात्कार में बोल रहे थे ।

बार्टोशेव्स्की ने कहा कि…

१. आज भारत विश्व में जिस प्रकार की भूमिका का निर्वहन कर रहा है, उसकी उपेक्षा नहीं की जा सकती । पोलैंड भारत के साथ संबंधों को अत्यंत महत्त्व देता है एवं भारत को एक उत्तरदायी वैश्विक शक्ति के रूप में देखता है ।

२. भारत ने अमेरिका के साथ अन्य देशों की तुलना में अधिक लाभप्रद व्यापार समझौता किया है । भारत एक अत्यंत बड़ी आर्थिक शक्ति है । सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के संदर्भ में भारत चतुर्थ स्थान पर है तथा शीघ्र ही तृतीय स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया है । अनुमानतः डेढ अरब जनसंख्या वाला भारत एक विशाल तथा प्रगतिशील बाजार है । अतः ऐसी क्षमता वाले देश की अनदेखी करना बुद्धिमत्ता नहीं होगी ।

३. हमारे भारत के साथ संबंध अतिशय अच्छे हैं ।