मुंबई में मनसे एवं महाविकास आघाडी का निर्वाचन आयोग के विरोध में ‘सत्य का मोर्चा’ !

मनसे–उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट की गठबंधन घोषणा !


मुंबई – ‘फैशन स्ट्रीट’ से लेकर मुंबई महानगरपालिका तक मनसे एवं महाविकास आघाडी ने निर्वाचन आयोग के विरोध में ‘सत्य का मोर्चा’ निकाला । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट, शरद पवार गुट, कांग्रेस, शेतकरी कामगार पक्ष तथा भारतीय साम्यवादी (कम्युनिस्ट) पक्ष के नेता एवं कार्यकर्ता इस मोर्चे में सम्मिलित हुए थे । मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के भवन के समक्ष मंच का निर्माण किया गया था, जहां सहभागी नेताओं के भाषण हुए । ‘जब तक मतदाता सूची की त्रुटियां ठीक नहीं होतीं, तब तक चुनाव मत कराओ’ — ऐसी मांग इस अवसर पर की गई ।

इस अवसर पर मोर्चे को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, “जनता के लिए हम भाई एक साथ आए हैं, हमारा साथ दीजिए” — ऐसा आवाहन किया । इसलिए ‘एक प्रकार से मनसे के साथ यह गठबंधन की घोषणा ही है’, ऐसा कहा जा रहा है । सैकड़ों की संख्या में बोगस (झूठी) मतदाता सूचियां, बोगस ई.वी.एम्. और प्रतीकात्मक चुनाव तिरडियां यहां लाई गई थीं ।

दुबार (दो बार नाम प्रविष्ट हुए) मतदाता दिखें तो उनको ठोको ! – राज ठाकरे, मनसे

घर-घर जाकर मतदाता सूची पर कार्य करो । चेहरे देखो एवं सूची में यदि किसी का नाम दो बार या तीन बार प्रविष्ट दिखे, तो उन्हें वहीं पे ठोको । मतदाता सूची को स्वच्छ करो, पारदर्शक करो एवं तब चुनाव होंगे । प्रमाण देने के बाद भी न्यायालय ने कहा कि चुनाव जनवरी में करो । पांच वर्ष तक चुनाव नहीं हुए, यदि एक वर्ष और निकल गया तो क्या अंतर पडेगा ? ऐसे चुनावों से लोकतंत्र कैसे टिकेगा ? — ऐसा प्रश्न मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे ने किया ।

इस अवसर पर उन्होंने मुंबई के विभिन्न भागों, मावळ, पुणे एवं ठाणे के मूल मतदाताओं तथा दुबार (दो बार प्रविष्ट हुए) मतदाताओं की संख्या पढकर सुनाई । प्रमाणों के कागजों का ढेर वे मोर्चे के स्थान पर लेकर आए थे ।

मतदाता सूची में प्रविष्ट व्यक्ति वास्तव में आपके घर में रहते हैं या नहीं, यह जांचें ! – उद्धव ठाकरे

लोकसभा चुनाव के समय कौन-से मतदारसंघ को लाभ हुआ ? यह मुख्यमंत्री बताने वाले थे । इसका अर्थ यह हुआ कि एक प्रकार से मुख्यमंत्री ने मतचोरी होती है, यह स्वीकार किया है । निर्वाचन आयुक्त उनके नौकर बन गए हैं । ‘सक्षम’ नामक ‘ऐप’ के माध्यम से मेरे नाम से झूठा आवेदन किया गया है । उसी माध्यम से मतदाता सूची से मेरे परिवार के चार लोगों के नाम हटाने का यह प्रयास हुआ है क्या ? यह देखना पडेगा । किसी के भी नाम मतदाता सूची में जोडे जा रहे हैं । मतदाताओं से मेरा आवाहन है कि मतदाता सूची में जो लोग प्रविष्ट हैं, वे वास्तव में आपके घर में रहते हैं या नहीं, यह जांचें ।

शरद पवार गुट के अध्यक्ष शरद पवार ने इस अवसर पर कहा, “आज का मोर्चा संयुक्त महाराष्ट्र के आंदोलन के मोर्चों की स्मृति ताजा करने वाला है । चुनाव पारदर्शी पद्धति से होने चाहिए ।” कांग्रेस के विजय वडेट्टीवार ने कहा कि मेरे मतदारसंघ में ९ सहस्र ५०० बोगस मत हैं । इस विषय में तहसीलदार ने उत्तर दिया कि इसे सुधारने का हमें अधिकार नहीं है ।

भाजपा का मूक मोर्चा

इस मोर्चे के विरोध में भाजपा ने मूक मोर्चा आयोजित किया था । “मतचोरी नहीं, मति चोरी हुई है” — ऐसा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने उस मोर्चे में कहा ।