Washington Firing : ट्रम्प की उपस्थितिवाले कक्ष के बाहर गोलीबारी : सुरक्षाकर्मी घायल, आक्रमणकारी बंदी

आक्रमणकर्ता कोल थॉमस एलन (दाईं ओर)

वाशिंगटन (अमेरिका) – वाशिंगटन के हिल्टन होटल में वार्षिक ‘व्हाईट हाउस करस्पॉन्डन्ट डिनर’ कार्यक्रम के समय गोलीबारी हुई । इस कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जे.डी. वान्स एवं अनेक वरिष्ठ नेता एवं अधिकारी उपस्थित थे । कार्यक्रम जिस कक्ष (‘बॉल रूम’) में चल रहा था, उसके बाहर एक ३१ वर्षीय आक्रमणकारी ने गोलीबारी की । २५ अप्रैल की रात्रि स्थानीय समयानुसार ८.४० बजे यह आक्रमण हुआ । आक्रमणकारी ने कुल ७ गोलियां चलायीं । इसमें एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ । आक्रमणकारी को बंदी बना लिया गया है ।

अमेरिका के संविधान पर आक्रमण ! – ट्रम्प

आक्रमण के पश्चात लगभग डेढ घंटे में ट्रम्प ने प्रसारमाध्यमों को संबोधित किया । वे बोले कि यह अमेरिका के संविधान पर आक्रमण है । ‘सीक्रेट सर्विस’ (राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रणाली) ने मेरा प्राण बचाया । जिस अधिकारी को गोली लगी, वह सुरक्षित है । इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी पत्रकार कैटलिन कोलिन्स ने कहा कि हम हिल्टन के ‘बॉलरूम’ में थे । गोलियों की ध्वनि सुनाई देने के कुछ ही मिनटों में सुरक्षाकर्मियों ने कक्ष को घेर लिया एवं मुख्य मार्ग से वे दौडते हुए भीतर आए ।

आक्रमण के पीछे ईरान होने का अनुमान नहीं ! – ट्रम्प

आक्रमणकारी का ईरान से कोई भी सीधा संबंध होने का चित्र दिखाई नहीं देता । मुझे वैसा नहीं लगता; परन्तु कुछ कहा नहीं जा सकता । हमारे दल जांच कर रहे हैं एवं सत्य शीघ्र ही सामने आएगा । अभी तक की प्राथमिक जांच में आक्रमणकारी का किसी भी विदेशी व्यक्तियों से संबंध होने की बात प्रमाणित नहीं हुई है ।

‘वाईट हाउस करस्पॉन्डन्ट डिनर’ का अर्थ क्या है ?

‘करस्पॉन्डन्ट्स डिनर’ प्रसारमाध्यम एवं राजनीति का एक विशेष वार्षिक कार्यक्रम होता है । वाईट हाउस का वृत्तांकन करनेवाले पत्रकारों का संगठन ‘वाईट हाउस करस्पॉन्डन्ट्स एसोसिएशन’ इस कार्यक्रम का आयोजन करता है । इसमें राष्ट्रपति स्वयं पर, विरोधियों पर एवं प्रसार माध्यमों पर विनोद करते हैं ।

लोकतंत्र में हिंसा के लिए स्थान नहीं ! – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति एवं अन्य अधिकारियों की निरंतर सुरक्षा एवं कल्याण के लिए मेरी शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं । लोकतंत्र में हिंसा का कोई भी स्थान नहीं है एवं ऐसी हिंसा का स्पष्ट रूप से निषेध ही किया जाना चाहिए ।

कौन है आक्रमणकारी ?

आक्रमणकारी की पहचान ३१ वर्षीय शिक्षक कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है । वह कैलिफोर्निया के टॉरेंस भाग का निवासी है एवं व्यवसाय से वह एक शिक्षक है । वह ‘वीडियो गेम डेवलपर’ के रूप में भी कार्य करता है । उसके संबंध ‘सी२ एजुकेशन’ इस ‘टेस्ट प्रेप’ एवं ‘ट्यूटरिंग’ संस्थान से थे, जहां वह अंशकालिक शिक्षक के रूप में कार्य करता था । विशेष यह है कि दिसंबर २०२४ में उसे ‘टीचर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था । एलन ने अक्टूबर २०२४ में कमला हैरिस के राष्ट्रपति पद के प्रचार के लिए २५ डॉलर का योगदान दिया था । वह पंजीकृत ‘डेमोक्रैट’ सदस्य होने की बात भी कही जा रही है । एलन ने वर्ष २०१७ में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक पदवी प्राप्त की थी । उसके पश्चात उसने निकट भविष्य में ही संगणकीय शास्त्र में ‘मास्टर’ पदवी प्राप्त की है ।