भगवान शिव एवं श्री गणेश का अपमान करने वाला विज्ञापन संस्था ने वापस लिया

  • छत्तीसगढ में हिन्दू जनजागृति समिति के संघर्ष को सफलता

  • लिखित रूप में मांगी क्षमा

रायपुर (छत्तीसगढ) – महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ के प्रमुख समाचारपत्र ‘दैनिक भास्कर’ एवं ‘हरिभूमि’ में भगवान शिव एवं श्री गणेश का व्यावसायिक विज्ञापनों में अनुचित उपयोग किया गया था । यह विज्ञापन देनेवाली ‘श्री गणेश ग्लोबल गुलाल प्राइवेट लिमिटेड’ नामक संस्था के विरुद्ध हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा किए गए तीव्र विरोध को बडी सफलता मिली है । समिति के महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ राज्य संयोजक श्री सुनील घनवट ने इस अपमानजनक विज्ञापन के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की मांग की, जिसके पश्चात संस्था ने बिना शर्त लिखित क्षमायाचना की है ।

विज्ञापन में क्या अनुचित था ?

इस विज्ञापन में श्री गणेश के हाथ में ‘गुलाल’ एवं ‘ठंडाई’ के पैकेट दिखाए गए थे । इसमें देवताओं को ‘मॉडल’ की भांति (संस्था द्वारा बनाए गए उत्पाद के प्रचार हेतु नियुक्त व्यक्ति की भांति) प्रस्तुत किया गया था । इसके साथ ही विज्ञापन में भगवान शिव एवं शिवलिंग के आसपास ‘कैप्टन अमेरिका’ जैसे विदेशी काल्पनिक पात्रों तथा अन्य उत्पादों का चित्रण भी किया गया था ।

संस्था ने स्वीकार की त्रुटि

विरोध के उपरांत संस्था के निदेशक उमंग गोयल ने श्री गणेश के हाथ में अपने उत्पाद को दर्शाना अपनी बडी भूल एवं अज्ञानता से हुई त्रुटि बताया । संस्था ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अज्ञानता से हुई तथा इसके लिए वे समस्त हिन्दू सनातन समाज से हृदय से क्षमा प्रार्थी हैं । साथ ही भविष्य में ऐसी त्रुटि दोबारा कभी नहीं होगी, इसका आश्वासन भी दिया है ।