Kashmir Solidarity Day : पाकिस्तान द्वारा तथाकथित ‘कश्मीर एकजुटता दिवस’ मनाया गया

इस्लामाबाद (पाकिस्तान) – पाकिस्तान ने प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी ५ फरवरी को तथाकथित ‘कश्मीर एकजुटता दिवस’ मनाया । पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तथा सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने एक बार पुनः कश्मीर के सूत्र पर भारत के विरुद्ध आपत्तिजनक बातें कहीं ।

पाकिस्तानी सेना द्वारा कही गयीं बातों में बताया गया कि सेना प्रमुख आसिम मुनीर, नौसेना प्रमुख एडमिरल नविद अशरफ तथा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद सिद्धू ने कश्मीर एकजुटता दिवस के अवसर पर कश्मीरी जनता को समर्थन व्यक्त किया । तीनों प्रमुखों ने पाकिस्तान के सशस्त्र बलों की ओर से जम्मू-कश्मीर के लोगों के प्रति समर्थन की घोषणा की ।

१. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि पाकिस्तान की जनता कश्मीरी जनता के संघर्ष में उसके साथ एकजुट होकर खडी है । कश्मीर एकजुटता दिवस मनाने का आरंभ ३६ वर्ष पहले, वर्ष १९८९ में बेनजीर भुट्टो ने किया था । तब से यह पहल लगातार चल रही है ।

२. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने वक्तव्य में भारत को लक्ष्य करने का प्रयास किया । उन्होंने विशेष रूप से भारत की कश्मीर नीति पर कई आरोप लगाए । इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा कि कश्मीर के सूत्र पर भारत पर वैश्विक स्तर पर दबाव डाला जाए ।

संपादकीय भूमिका 

भविष्य में कश्मीर की ‘एकजुटता’ निश्चित रूप से होगी, परंतु कश्मीर के पाकिस्तान में विलय से नहीं, अपितु पाकिस्तान के नियंत्रित कश्मीर के भारत में विलय से यह एकजुटता साकार होगी—यह बात पाकिस्तान को कोई तो समझाए ।